नई दिल्ली। बांग्लादेश (Bangladesh)की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के वतन वापसी के ऐलान के बाद से इस मुल्क में हालात तनावपूर्ण हैं। प्रतिबंधित आवामी लीग व सत्तारूढ़ बीएनपी के बीच टकराव काफी बढ़ गया है। कथित तौर पर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को टारगेट किया जा रहा है। उनके घरों में आगजनी की खबरें लगातार सामने आई हैं। इस बीच बांग्लादेश के हालात को लेकर पश्चिम बंगाल के एक मंत्री ने बड़ा बयान दिया है।
पश्चिम बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह ने दावा किया है कि 16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर भारत का कब्जा हो जाएगा और हिंदुओं की हत्या का बदला तो जरूर लिया जाएगा। उन्होंने कहा है कि इसको लेकर कोई शंका नहीं है।
‘हिंदुओं की हत्या का बदला जरूर लिया जाएगा’
बुधवार को भाटापारा में मीडिया से बात करते हुए अर्जुन सिंह ने कहा, “16 दिसंबर तक हम बांग्लादेश ले लेंगे। बहुत हो गया, बांग्लादेश को लेकर अब कोई बहाना नहीं चलेगा। बांग्लादेश में जिस तरह हिंदुओं को मारा गया है, हम उसका बदला जरूर लेंगे इसमें कोई शक नहीं है।
बांग्लादेश में तनावपूर्ण हालात के बीच आया बयान
अर्जुन सिंह का यह बयान ऐसे समय आया है जब बांग्लादेश में हालात तनावपूर्ण हैं और इसकी वजह से भारत के साथ भी उसके संबंध तनाव में हैं। बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कोबीर ने पहले कहा था कि पूर्व प्रधानमंत्री और अवामी लीग की प्रमुख शेख हसीना को देश में केवल एक कैदी के रूप में, हथकड़ी में और कड़ी निगरानी में लौटने की अनुमति दी जाएगी।
16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटेंगी शेख हसीना
शेख हसीना ने दो साल से अधिक समय भारत में रहने के बाद 16 दिसंबर को भारत से बांग्लादेश लौटने की योजना बनाई है। शेख हसीना के प्रवक्ता सैयद मुजम्मल अली ने 24 नवंबर 2026 को रॉयटर्स को बताया कि वे 16 दिसंबर को लौटेंगी, जिस दिन बांग्लादेश में ‘विजय दिवस’ मनाया जाता है। यह पहली बार है जब उन्होंने वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख बताई है। उनके इस ऐलान के बाद से शेख हसीना के पैतृक गांव समेत कई जिलों में हिंसा हो रही है।
शेख हसीना की पार्टी ने किया लॉकडाउन का ऐलान
सैयद मुजम्मल अली के मुताबिक, शेख हसीना बांग्लादेश की नेशनल एयरलाइन, बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस से दिल्ली से ढाका रवाना होंगी। उनके बांग्लादेश आने से पहले इस मुल्क की सत्तारूढ़ पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने देश में माहौल खराब होने की बात कही है।
शेख हसीना के वतन लौटने से पहले उनकी पार्टी आवामी लीग ने 8 मांगें सरकार के सामने रखी हैं। साथ ही 27 और 28 नवंबर को बांग्लादेश में लॉकडाउन का ऐलान किया है। इससे इस देश में तनाव और बढ़ने की आशंका है।










