सपा और इमरान मसूद के बीच जंग के पीछे क्या है

नई दिल्ली। मंगलवार रात समाजवादी पार्टी (सपा) ने पांच उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की, जिसके बाद कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद (Imran Masood)ने नाराजगी जताई। वे सबसे ज्यादा इस बात से नाराज हैं कि सपा ने सहारनपुर सीट से आशु मलिक और बेहट से उमर अली खान को टिकट दिया है। ये दोनों उनके कट्टर प्रतिद्वंदी हैं।

इमरान मसूद ने बुधवार सुबह कहा कि आगे क्या करना है, इस पर वे पार्टी नेतृत्व से चर्चा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे अपनी पार्टी के भीतर बात करेंगे कि सीट बंटवारे की बातचीत में शामिल होना है या नहीं।

गंभीरता की कमी बोले इमरान मसूद

इमरान मसूद ने कहा, यहां जो कुछ भी हो रहा है, उससे ऐसा लग रहा कि मामले में गंभीरता की कमी है। गंभीरता की कमी इसलिए है क्योंकि एक तरफ तो आप (सपा) बातचीत कर रहे हैं और दूसरी तरफ आप बयान जारी कर रहे हैं, इससे पता चलता है कि इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।


उन्होंने आगे कहा अब हम अपनी पार्टी के भीतर चर्चा करेंगे हमें क्या करना चाहिए, हमें बातचीत के लिए बैठना चाहिए या नहीं, क्योंकि इस हालात में क्या करना है, इसका फैसला पार्टी ही लेगी। जब आपने मेरे खिलाफ यह घोषणा कर ही दी है तो मुझे समझ नहीं आ रहा कि आप मुझसे लड़ना चाहते हैं, कांग्रेस से या फिर बीजेपी से? यह तो तय होना ही चाहिए न कि आप भाजपा से लड़ना चाह रहे या हमसे?

इमरान मसूद बनाम आशु मलिक और उमर अली खान

आशु मलिक और इमरान मसूद के बीच तनाव 2024 के लोकसभा चुनावों से चल रहा था। यह साल अगस्त में सार्वजनिक रूप से सामने आया, जब डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कमिटी (दिशा) की बैठक में दोनों के बीच अधूरे नाले/जल निकासी प्रोजेक्ट को लेकर तीखी बहस हुई। इसका वीडियो वायरल हो गया था।

दिलचस्प बात यह है कि 2022 के विधानसभा चुनावों में जब इमरान मसूद सपा में थे, तब उन्होंने खुद आशु मलिक और उमर अली खान के लिए टिकट की मांग की थी। लेकिन बाद में हालात बदल गए। आशु मलिक मूल रूप से मुजफ्फरनगर के हैं, लेकिन सहारनपुर में रहते हैं।

सूत्रों के मुताबिक, यह लड़ाई वर्चस्व (influence) की है। एक समय दोनों के अच्छे रिश्ते थे, लेकिन 2022 में आशु के विधायक बनने के बाद इमरान को लगा कि आशु उन्हें दरकिनार कर रहे हैं। उमर अली खान और आशु मलिक करीबी हैं और माना जाता है कि दोनों ने इमरान के खिलाफ हाथ मिला लिया है।
लोकसभा चुनाव के दौरान इमरान मसूद ने आरोप लगाया कि आशु और उमर ने स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्राम प्रधानों से कहा था कि वे सुनिश्चित करें कि इमरान चुनाव हार जाए। एक वरिष्ठ सपा नेता के अनुसार, इमरान के पास इसका ऑडियो रिकॉर्डिंग भी है।

सपा इमरान मसूद के पीछे क्यों पड़ी है?

इमरान मसूद सपा-कांग्रेस गठबंधन पर खुलकर बोलते रहे हैं। उन्होंने कई बार कहा है कि 2024 के लोकसभा चुनावों वाला सीट बंटवारा फॉर्मूला (सपा ने कांग्रेस को 17 सीटें दी थीं) उन्हें मंजूर नहीं।

पिछले साल मई में उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस को कहा था

“कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत करने के लिए काम कर रही है। हमें किसी बैसाखी की जरूरत नहीं है। हम अपने दम पर चुनाव लड़ेंगे और यदि कोई समझौता होता है, तो वह सम्मानजनक होना चाहिए। हम उन्हें (सपा को) यह तय नहीं करने देंगे कि हम किन सीटों पर चुनाव लड़ें।”
इमरान कई बार अखिलेश यादव और सपा पर निशाना साध चुके हैं। उनका कहना है कि यूपी में सपा को कांग्रेस को बराबर का सम्मान देना चाहिए। इससे सपा और अखिलेश नाराज हैं।

इस साल अगस्त में इमरान मसूद के बेटे-दामाद शायान ने सपा जॉइन किया, जिससे इमरान और नाराज हुए। उन्होंने कहा कि सपा इसे पर्सनल बना रही है।
सहारनपुर क्यों अहम है?

सहारनपुर पश्चिमी यूपी में सपा का महत्वपूर्ण राजनीतिक आधार है। अखिलेश यादव के लिए यहां पार्टी का संगठन मजबूत है और जीत की संभावना अच्छी है। इन सीटों को छोड़ना अन्य गठबंधन बातचीत के लिए गलत मिसाल बन सकता है।

कांग्रेस के लिए यह सिर्फ दो सीटों का मामला नहीं है। इमरान मसूद की आपत्ति दिखाती है कि सीट बंटवारा आपसी सलाह और सम्मान से होना चाहिए, न कि एकतरफा घोषणाओं से।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now