रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग यानी (CGPSC) को जल्द नया अध्यक्ष मिल सकता है। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी महादेव कांवड़े का नाम लगभग तय माना जा रहा है। राज्य सरकार ने उनके नाम पर सहमति जताते हुए नियुक्ति की फाइल अनुमोदन के लिए राजभवन भेज दी है।फिलहाल यह फाइल राजभवन में लंबित बताई जा रही है। राजभवन से मंजूरी मिलने के बाद सामान्य प्रशासन विभाग नियुक्ति आदेश जारी कर सकेगा।
सरकार के पास अध्यक्ष पद के लिए दो नाम विचाराधीन थे। इनमें महादेव कांवड़े और सरगुजा के संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गे शामिल थे। विचार-विमर्श के बाद सरकार ने महादेव कांवड़े के नाम को प्राथमिकता दी है। उनकी नियुक्ति होने पर कार्यकाल करीब डेढ़ साल का हो सकता है। लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष की अधिकतम आयु सीमा 62 वर्ष है। कांवड़े की उम्र इस समय करीब 60 वर्ष छह महीने है। जल्द आदेश जारी होने पर वे मई 2028 तक पद पर रह सकते हैं।
आयोग में अध्यक्ष पद खाली होने से अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नति के कई मामले लंबित हैं। इससे कर्मचारी संगठनों में चिंता बढ़ी हुई है। छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के अध्यक्ष कमल वर्मा ने पहले मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शीघ्र नियुक्ति की मांग की थी। अब उन्होंने राज्यपाल को भी पत्र भेजकर प्रक्रिया जल्द पूरी करने का आग्रह किया है।
कमल वर्मा ने पत्र में लिखा है कि लोक सेवा आयोग राज्य की महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था है। इसके माध्यम से भर्ती, चयन और पदोन्नति की प्रक्रियाएं चलती हैं। अध्यक्ष पद लंबे समय से खाली रहने से आयोग का काम प्रभावित हो रहा है। पात्र अधिकारियों-कर्मचारियों को समय पर पदोन्नति नहीं मिलने से उनके आर्थिक और सेवा संबंधी हित प्रभावित हो रहे हैं। कई विभागों में उच्च पद खाली रहने से प्रशासनिक कामकाज भी प्रभावित हो सकता है। राजपत्रित अधिकारी संघ ने भी राज्यपाल से अध्यक्ष पद को प्राथमिकता पर भरने की मांग की है। संघ का कहना है कि नियुक्ति होने से लंबित मामलों का निराकरण तेज होगा।
महादेव कांवड़े छत्तीसगढ़ कैडर के 2008 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं। उनका जन्म 18 मई 1966 को हुआ था। उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीई और डिजाइन इंजीनियरिंग में एमटेक किया है। सेवाकाल के दौरान वे बेमेतरा और जशपुर के कलेक्टर रह चुके हैं। दुर्ग संभाग के संभागायुक्त, आवास एवं पर्यावरण विभाग तथा वाणिज्यिक कर विभाग में विशेष सचिव के रूप में भी काम किया है। वे रायपुर संभाग के संभागायुक्त भी रह चुके हैं। जिला प्रशासन और विभागीय कार्यों का उन्हें अच्छा अनुभव है।
अभी आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। राजभवन से अनुमोदन मिलने और नियुक्ति आदेश आने के बाद ही महादेव कांवड़े के अध्यक्ष बनने की पुष्टि हो सकेगी। अधिकारियों, कर्मचारियों और अभ्यर्थियों की नजरें इस समय राजभवन पर टिकी हुई हैं।










