नई दिल्ली। जय शाह (Jay Shah) लगातार दूसरी बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन चुने गए हैं। उन्हें एक बार फिर निर्विरोध इस पद की जिम्मेदारी मिली है। इंडोनेशिया के बाली में हुई ICC बोर्ड और समितियों की बैठक के दौरान निदेशकों के प्रस्ताव के बाद उनके दोबारा चयन का फैसला लिया गया।
जय शाह ने बोर्ड के भरोसे के लिए सभी निदेशकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ICC चेयरमैन के रूप में काम करना उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह सदस्य देशों के साथ मिलकर दुनिया भर में क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए काम करते रहेंगे।
2028 ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी पर जोर
दूसरी बार चेयरमैन चुने जाने के बाद जय शाह ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट इस समय अपने इतिहास के बेहद महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है। ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी से इस खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने और युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करने का अवसर मिलेगा।
जय शाह के मुताबिक, ICC का लक्ष्य केवल बड़े टूर्नामेंट आयोजित करना नहीं है। क्रिकेट को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना, प्रशंसकों की भागीदारी बढ़ाना और खिलाड़ियों के लिए बेहतर अवसर तैयार करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि क्रिकेट की सबसे बड़ी ताकत लोगों को एक साथ जोड़ने की क्षमता है।
2024 में पहली बार संभाली थी जिम्मेदारी
जय शाह पहली बार 2024 में ICC चेयरमैन चुने गए थे। उस समय भी उनका चुनाव निर्विरोध हुआ था। उन्होंने न्यूजीलैंड के ग्रेग बार्कले की जगह ली थी, जिन्होंने तीसरा कार्यकाल नहीं लेने का फैसला किया था।
जय शाह ने दिसंबर 2024 में ICC चेयरमैन का पद संभाला था। उस समय 35 वर्ष की उम्र में वह इस पद पर पहुंचने वाले सबसे युवा व्यक्ति बने थे।
ICC का नेतृत्व करने वाले पांचवें भारतीय
जय शाह ICC का नेतृत्व करने वाले पांचवें भारतीय हैं। उनसे पहले जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन. श्रीनिवासन और शशांक मनोहर इस संस्था के शीर्ष पद पर रह चुके हैं। इनमें शशांक मनोहर दो कार्यकाल तक ICC चेयरमैन रहे।
जय शाह इससे पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव भी रह चुके हैं। अब उनके दूसरे कार्यकाल में क्रिकेट का अंतरराष्ट्रीय विस्तार, नए बाजारों में खेल की लोकप्रियता और लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 की तैयारियां प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी।











