छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रकोप जारी, लू से राहत के अभी आसार नहीं

April 25, 2026 11:36 AM

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। Weather update मौसम विभाग की चेतावनी है कि अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ सकता है। 25 से 27 अप्रैल तक मध्य छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में लू (हीटवेव) चलने की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जहां पारा 44.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रायपुर में हीटवेव जैसी स्थिति बनने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के बाद प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं लेकिन इसके बावजूद कई जगहों पर लू का असर बरकरार रह सकता है। पूरी तरह राहत मिलने में अभी समय लग सकता है।

गर्मी बढ़ने की वजह

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि विदर्भ से लेकर दक्षिण भारत तक ट्रफ लाइन सक्रिय है। साथ ही बंगाल और ओडिशा क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती प्रभाव काम कर रहा है। इन दोनों वजहों से गर्म और शुष्क हवाएं पूरे क्षेत्र पर हावी हैं, जिससे तापमान लगातार बढ़ रहा है।

भीषण गर्मी को देखते हुए बिलासपुर में छत्तीसगढ़ व्यापम की कई महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं का समय बदल दिया गया है। पहले दोपहर 12 बजे शुरू होने वाली परीक्षाएं अब सुबह 10 बजे से आयोजित की जाएंगी।

नई परीक्षा समय-सूची
26 अप्रैल – मंडी बोर्ड उप निरीक्षक परीक्षा
14 मई – एसएससी नर्सिंग और पीईटी परीक्षा
21 मई – पीपीएचटी परीक्षा

यह बदलाव छात्रों को दोपहर की तेज गर्मी और लू से बचाने के लिए किया गया है।

क्या करें, क्या न करें?

दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें
खूब पानी पिएं और हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें
बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें
लू के लक्षण (चक्कर, उल्टी, बेहोशी) दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें

छत्तीसगढ़ में इस समय गर्मी का पीक चल रहा है। मौसम विभाग की सलाह है कि सतर्क रहें और जरूरी सावधानियां बरतें।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now