यूपी में हर जिले में क्‍यों बनाए जा रहे हैं डिटेंशन सेंटर?, अजय राय ने योगी पर बोला हमला

December 5, 2025 2:43 PM
UP detention centers

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के हर जिले में अस्थायी डिटेंशन सेंटर बनाए जाने के आदेश के बाद से सियासत भी तेज हो गई है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सीधे सीएम योगी पर निशाना साधते हुए इसे चुनाव से जोड़कर तंज किया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद राज्य भर में अवैध बांग्लादेशी नागरिकों और रोहिंग्या शरणार्थियों के खिलाफ बड़े स्तर पर अभियान शुरू कर दिया गया है।

पुलिस और प्रशासन को आदेश दिया गया है कि फर्जी आधार कार्ड, वोटर आईडी या अन्य दस्तावेजों के जरिए यूपी में बसने की कोशिश करने वाले हर शख्स की पहचान की जाए और उन्हें किसी भी सूरत में छोड़ा न जाए।

इसके तहत प्रदेश के 17 नगर निगमों और नगर पालिकाओं को फरमान जारी किया गया है कि वे अपने क्षेत्र में काम कर रहे सभी संदिग्ध विदेशियों की फौरन सूची तैयार करें। साथ ही हर जिले और मंडल में अस्थायी डिटेंशन सेंटर  बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

खाली पड़े सरकारी भवनों, सामुदायिक हॉल, पुलिस लाइन्स और थानों को हाई-सिक्योरिटी जोन में तब्दील करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पकड़े गए अवैध प्रवासियों को सत्यापन पूरा होने तक वहीं रखा जा सके। बाद में इन्हें विधि-विधान के अनुसार उनके मूल देश वापस भेजा जाएगा।

इस पूरे अभियान पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार तो 2017 से सत्ता में है, अब अचानक चुनाव नजदीक आते ही घुसपैठियों की याद क्यों आई? उनके मुताबिक यह महज चुनावी स्टंट है और जनता की असली समस्याओं से ध्यान हटाने की कोशिश है।

गौरतलब है कि पिछले 8 सालों में उत्तर प्रदेश एटीएस और स्थानीय पुलिस ने करीब 200 से ज्यादा बांग्लादेशी व रोहिंग्या घुसपैठियों को पकड़ा है। कई को वापस भेजने की प्रक्रिया भी चली, लेकिन कानूनी औपचारिकताओं के कारण इसमें काफी वक्त लग जाता है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now