Twisha Sharma Case : शादी के सिर्फ पांच महीने बाद 12 मई 2026 की रात मध्यप्रदेश के भोपाल के कटारा हिल्स में 33 वर्षीय पूर्व मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष का कहना है कि उन्होंने आत्महत्या की, जबकि मायके वाले दहेज उत्पीड़न और हत्या का आरोप लगा रहे हैं। इस मामले ने अब कई सारे सवाल खड़े कर दिए है क्योंकि रसूखदार परिवार का शामिल होना है और ऐसे आरोप भी लग रहें है कि सबूतों से छेड़छाड़ किया जा रहा है।
ट्विशा और समर्थ की मुलाकात से शादी तक का सफर
ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थीं उन्होंने मॉडलिंग की तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री में काम किया और ‘मिस पुणे’ का खिताब भी जीता था। एमबीए पूरा करने के बाद वे एक्ट्रेस बनने की कोशिश कर रही थीं। समर्थ सिंह भोपाल के वकील हैं। दोनों की पहली मुलाकात 12 मई 2024 को एक डेटिंग ऐप पर हुई। ठीक एक साल बाद 12 मई 2025 को परिवारों की पहली मुलाकात हुई और उसी दिन सगाई तय हो गई। दिसंबर 2025 में दिल्ली में शादी हुई।
शादी के पांच महीने बाद मौत
शादी के पांच महीने बाद 12 मई 2026 की रात ट्विशा को उनके ससुराल की छत पर फांसी पर लटका हुआ पाया गया। ससुराल वालों ने पुलिस को बताया कि यह आत्महत्या है। ट्विशा के परिवार ने तुरंत आरोप लगाया कि यह हत्या है और दहेज की मांग व मानसिक प्रताड़ना के कारण हुई। ट्विशा की व्हाट्सएप चैट्स वायरल हुईं, जिसमें उन्होंने अपनी मां को लिखा था – ‘मुझे बहुत घुटन हो रही है.. ये लोग न रोने देंगे, न हंसने की वजह देंगे।’
कानूनी कार्रवाई और नया मोड़
पति समर्थ सिंह – फरार रहने के बाद जबलपुर कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर भोपाल लाया। बार काउंसिल ने उनका वकालत लाइसेंस सस्पेंड कर दिया।
सास गिरिबाला सिंह – रिटायर्ड जज और वर्तमान में उपभोक्ता आयोग की अध्यक्ष। उन्हें अग्रिम जमानत मिली हुई है, जिसे रद्द करने की मांग की जा रही है।
पोस्टमॉर्टम – भोपाल AIIMS का पहला पोस्टमॉर्टम विवादित रहा। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश पर दिल्ली AIIMS की टीम अब दूसरा पोस्टमॉर्टम करेगी।
CBI जांच – मध्य प्रदेश सरकार ने CBI को जांच सौंपने की सिफारिश की है।
दोनों पक्षों के दावे
मायके पक्ष (ट्विशा के परिवार) का आरोप है कि शादी के एक महीने बाद से दहेज की मांग और मानसिक प्रताड़ना शुरू हो गई। इंटरकास्ट मैरिज होने के कारण ट्विशा को नीचा दिखाया जाता था। ट्विशा कई बार घर वापस आने की बात कर चुकी थीं। मौत से पहले जबरदस्ती गर्भपात कराए जाने का भी आरोप। इसके कई चैट्स वायरल हुए हैं |
इधर ससुराल पक्ष का बयान है कि ट्विशा खुद नशे की लत से परेशान थीं और उनका मानसिक इलाज चल रहा था। परिवार ने चैट्स में हेराफेरी की है। यह आत्महत्या ही है।
ट्विशा की मौत वाले दिन सुबह उन्होंने भोपाल-जयपुर एक्सप्रेस में 15 मई को अजमेर जाने का टिकट बुक किया था, जहां उनके भाई मेजर हर्षित शर्मा की पोस्टिंग है। मौत से पहले ब्यूटी पार्लर में उनका CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें वे पूरी तरह रिलैक्स नजर आ रही थीं। ससुराल से सिर्फ 100 मीटर दूर ब्यूटी पार्लर है।
फिलहाल समर्थ सिंह को भोपाल पुलिस थाने में रखा गया है उनकी रिमांड मांगी जाएगी। हाईकोर्ट में 25 मई को अगली सुनवाई है। शव अभी भी AIIMS भोपाल के मुर्दाघर में रखा है। दूसरा पोस्टमॉर्टम और CBI जांच के बाद ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।











