राष्ट्रपति मुर्मू ने जारी किया 200 रुपये का स्मारक सिक्का, माता हासी देवी की 200वीं जयंती पर विशेष डाक टिकट भी जारी

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu)ने गुरुवार, 22 अक्टूबर को लोकभवन में शदाणी दरबार की पांचवीं पीठाधीश पूज्य माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर 200 रुपये का स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकट जारी किया। कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित सिंधी समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए।

35 ग्राम वजनी सिक्के में 50 प्रतिशत चांदी

केंद्र सरकार की ओर से जारी इस सिक्के का वजन 35 ग्राम और व्यास 44 मिलीमीटर है। इसमें 50 प्रतिशत चांदी, 40 प्रतिशत तांबा, 5 प्रतिशत निकेल और 5 प्रतिशत जस्ता इस्तेमाल किया गया है। सिक्के के एक तरफ अशोक स्तंभ का सिंह चिह्न और दूसरी तरफ माता हासी देवी का चित्र, उनका नाम और 1826 से 2026 तक के वर्ष अंकित हैं। कोलकाता टकसाल में तैयार यह सिक्का सामान्य लेनदेन के बजाय संग्रह के लिए जारी किया गया है।

अकाल के दौरान जरूरतमंदों की मदद के लिए रहीं प्रसिद्ध

वर्ष 1826 में जन्मी माता हासी देवी ने करीब 1852 में शदाणी दरबार की जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने धार्मिक गतिविधियों के साथ समाज सेवा को बढ़ावा दिया। विशेष रूप से अकाल के दौरान जरूरतमंदों की सहायता के लिए उन्हें याद किया जाता है। संत शदाराम साहिब द्वारा स्थापित शदाणी दरबार का मूल स्थान पाकिस्तान के सिंध प्रांत में है। रायपुर के धमतरी रोड पर वर्ष 1988 में इसका प्रमुख केंद्र स्थापित किया गया था। वर्तमान में संत डॉ. युधिष्ठिर लाल इसके पीठाधीश हैं।

शुक्रवार को बस्तर दशहरा में शामिल होंगी राष्ट्रपति

राष्ट्रपति मुर्मू दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। गुरुवार को रायपुर में नुआखाई पर्व से जुड़े सेवा सम्मान पर्व और युवा प्रबोधन कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे शुक्रवार, 23 अक्टूबर को जगदलपुर जाएंगी। वहां मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन करने के साथ ऐतिहासिक बस्तर दशहरा के मुरिया दरबार कार्यक्रम में शामिल होने का कार्यक्रम है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now