छात्र संगठनों और यूथ कांग्रेस ने जलाया ज्ञानेश कुमार का पुतला

नई दिल्ली। कांग्रेस के फ्रंटल संगठन इंडियन यूथ कांग्रेस ने सोमवार को दिल्ली में अनोखे अंदाज में दशहरा मनाया। यूथ कांग्रेस ने रावण के पुतले के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का भी पुतला जलाया। इसके अलावा AISF और AYSF ने जूते मारते हुए ज्ञानेश का पुतला जलाया।

कांग्रेस के फ्रंटल संगठन इंडियन यूथ कांग्रेस ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाया। साथ ही एक नाटकीय रामलीला वोट चोरी की रासलीला का भी मंचन किया। रायसीना रोड स्थित सेंट्रल ऑफिस में यूथ कांग्रेस ने रावण के पुतले के साथ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का भी पुतला जलाया। यह अनोखा सांकेतिक प्रदर्शन देशभर में चुनाव आयोग और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच हुआ है।

भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर और वोट चोरी के खिलाफ नाटकीय प्रदर्शन भी किया गया। इस दौरान संगठन ने कहा कि ज्ञानेश ने वोट चोरी करके भाजपा को फायदा पहुंचाया है।



क्या बोले उदय चिब?

उदय चिब ने कहा“रावण (ज्ञानेश कुमार) चाहे जितना भी बलवान क्यों ना हों, जीतेगा तो जनता का संविधान ही। आज के दौर में देश का सबसे बड़ा राक्षस ज्ञानेश कुमार हैं क्योंकि वह वोट चोरी करवाके हमारे देश के लोकतंत्र को खत्म कर रहे हैं। यह वोट चोरी भाजपा को सत्ता में बने रहने के लिए करवाई जा रही है। इसीलिए हम सांकेतिक रूप से अपना विरोध जताते हुए उनका पुतला दहन कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा:“ज्ञानेश कुमार जब तक अपना इस्तीफा नहीं देते तब तक हम इस तरह के प्रदर्शन करते रहेंगे। वो समय भी आएगा जब ज्ञानेश को तिहाड़ जेल जाना पड़ेगा, इसके बाद भाजपा के नेताओं का भी जेल जाने का समय आएगा। हम ज्ञानेश कुमार के खिलाफ बोलते हैं तो बुरा भाजपा को लगता है क्योंकि वह वोट चोरी करवा के उसे जीतवा रहे हैं।”

रिजीम चेंज पर दिया जवाब

यूथ कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे भाजपा के रिजीम चेंज के काउंटर का जवाब देते हुए कहा“महात्मा गांधी, भगत सिंह जैसे देशभक्तों ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़कर और देश को आजादी इसीलिए नहीं दिलाई थी कि आज ज्ञानेश कुमार और भाजपा संविधान को कुचलकर वोट चोरी करें। दोनों मिलकर देशद्रोह कर रहे हैं, ये वोट चोरी कर रहे हैं तो हम जवाब तो देंगे ही। ये आज चाहे रिजीम चेंज कहें या सरकार बदलने की बात कहें, वोट चोरी करेंगे तो हम इसका सड़कों पर उतारकर विरोध करेंगे।”
उदय भानु चिब ने आगे अंग्रेजों और भाजपा में समानता बताते हुए कहा कि दोनों ने देश को लूटा है और दोनों ही देश को बांटने की राजनीति करते हैं। अंग्रेज लूटते थे और भाजपा वोट चोरी कर रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories