स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ के तीन शहरों ने मारी बाजी, रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार

रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के तीन शहरों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी जगह बनाई है। रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार के लिए किया गया है। तीनों शहरों को 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सम्मानित करेंगी। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने पत्र भेजकर राज्य सरकार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी है।

स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण में इन शहरों को मिली यह उपलब्धि सफाई व्यवस्था में सुधार, सफाईकर्मियों की मेहनत और आम लोगों की भागीदारी का नतीजा मानी जा रही है। इस बार सर्वेक्षण में शहरों की साफ-सफाई के साथ नागरिकों की जागरूकता और स्वच्छता अभियान में उनकी भागीदारी को भी महत्व दिया गया है।

मुख्यमंत्री बोले- सफाईकर्मियों की मेहनत को मिला सम्मान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीनों शहरों के लोगों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाईकर्मियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन हजारों सफाईकर्मियों की मेहनत का है, जो हर दिन शहरों को साफ रखने के लिए काम करते हैं। इसमें उन नागरिकों का भी योगदान है, जिन्होंने स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझकर अभियान में भाग लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के लिए स्वच्छता का मतलब सिर्फ किसी सर्वेक्षण में अच्छी रैंकिंग हासिल करना नहीं है। इसका सीधा संबंध लोगों की सेहत, सम्मान और जीवन स्तर से है। घरों, मोहल्लों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने के लिए सभी की भागीदारी जरूरी है।

स्वच्छता को रोजमर्रा की आदत बनाने पर जोर

उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने तीन शहरों के राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन को प्रदेश के नगरीय प्रशासन की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि साफ-सफाई सिर्फ किसी अभियान या सर्वेक्षण तक सीमित न रहे, बल्कि शहरों की नियमित व्यवस्था और लोगों की रोजमर्रा की आदत का हिस्सा बने।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव सतेंद्र सिंह ने भी प्रदेश में स्वच्छता को लेकर किए जा रहे प्रयासों और जनभागीदारी की सराहना की है। सम्मान समारोह में राज्य सरकार और चयनित शहरों के प्रतिनिधियों के साथ सफाईकर्मी, सफाई निरीक्षक, सुपरवाइजर, इंजीनियर और स्वच्छता अभियान से जुड़े अधिकारी भी शामिल होंगे।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now