बांग्लादेश में फिर बढ़ा सियासी तनाव, ढाका में कई जगह बम धमाके और गाड़ियों में आगजनी

लेंस डेस्क। Bangladesh की राजधानी ढाका एक बार फिर हिंसक घटनाओं और धमाकों की गूंज से दहल उठी है। पिछले कुछ दिनों के भीतर शहर के अलग-अलग इलाकों में सिलसिलेवार बम धमाके और गाड़ियों में तोड़फोड़ की घटनाएं दर्ज की गई हैं। यह ताजा तनाव ऐसे समय में सामने आया है जब भारत में शरण ले चुकीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के वकीलों ने नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र के लिए आवेदन किया है और उनके दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की खबरें सामने आ रही हैं।

एक ही रात में 15 से 20 जगह आगजनी और धमाके

ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (DMP) के मुताबिक रविवार की शाम से देर रात तक राजधानी के करीब 10 इलाकों में 15 से 20 हिंसक वारदातें हुईं। उपद्रवियों ने सुनियोजित तरीके से देसी बम फेंके और सड़कों पर खड़ी व चलती गाड़ियों को निशाना बनाकर आग लगा दी। सबसे ज्यादा उत्पात ढाका यूनिवर्सिटी परिसर के आसपास देखने को मिला, जहां देसी बम धमाकों की 6 घटनाएं हुईं। ये धमाके नीलखेत चौराहे, यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट, सीनेट बिल्डिंग, इंस्टीट्यूट ऑफ मॉडर्न लैंग्वेजेस, टीएससी मेट्रो स्टेशन और सुफिया कमाल हॉल के बाहर हुए। पुलिस आंकड़ों के अनुसार, 1 अक्टूबर से 8 नवंबर के बीच देश भर में देसी बम धमाकों की 31 और गाड़ियों में आग लगाने की 14 वारदातें दर्ज की जा चुकी हैं।

पैसे देकर हमले कराने का शक, अवामी लीग ने आरोपों को नकारा

पुलिस जांच में यह बात सामने आ रही है कि इन हमलों के पीछे शेख हसीना की पार्टी ‘अवामी लीग’ और उससे जुड़े संगठनों के लोगों का हाथ हो सकता है। ढाका पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच से ऐसे संकेत मिले हैं कि कुछ असामाजिक तत्वों को पैसे देकर इन हिंसक वारदातों को अंजाम देने के लिए तैयार किया गया था। दूसरी ओर, अवामी लीग ने पुलिस के इन दावों को पूरी तरह खारिज किया है। पार्टी के प्रवक्ता मोहम्मद अली आराफात ने पलटवार करते हुए कहा कि विरोधी गुट पार्टी को बदनाम करने और उस पर पाबंदी लगाने की नीयत से खुद ये हमले करवा रहे हैं और इसका ठीकरा अवामी लीग पर फोड़ रहे हैं।

ढाका में हाई अलर्ट, सरकारी इमारतों की सुरक्षा बढ़ाई गई

हिंसा की बढ़ती वारदातों को देखते हुए बांग्लादेश की सुरक्षा एजेंसियों ने ढाका समेत सभी प्रमुख शहरों में निगरानी बढ़ा दी है। खुफिया एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है और महत्वपूर्ण सरकारी इमारतों, मंत्रालयों तथा यूनिवर्सिटी परिसरों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

राजनीतिक विश्लेषकों और शिक्षाविदों का कहना है कि देश में बनी मौजूदा राजनीतिक अस्थिरता को जल्द काबू में किया जाना जरूरी है। सरकार को ऐसे कदम उठाने होंगे जिससे कोई भी राजनीतिक दल अनिश्चितता के इस माहौल का फायदा उठाकर देश को नागरिक संघर्ष की ओर न ढकेल सके।

अगस्त 2024 में देश छोड़कर भारत आई थीं शेख हसीना

उल्लेखनीय है कि जून 2024 में बांग्लादेश में सरकारी नौकरियों में स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को मिलने वाले 30 प्रतिशत आरक्षण के खिलाफ छात्रों का उग्र आंदोलन शुरू हुआ था। देखते ही देखते यह आंदोलन हिंसक झड़पों में बदल गया और छात्रों ने शेख हसीना के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी। 5 अगस्त 2024 को हजारों प्रदर्शनकारियों के ढाका स्थित पीएम आवास की तरफ बढ़ने के बाद, शेख हसीना को सैन्य विमान से बांग्लादेश छोड़कर भारत आना पड़ा था। तब से वे भारत में ही रह रही हैं और अब उनके दिसंबर में स्वदेश लौटने के ऐलान ने बांग्लादेश के राजनीतिक पारे को एक बार फिर बढ़ा दिया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now