नई दिल्ली। स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने साफ नियम जारी किए हैं। इन ट्रेनों में तत्काल टिकट बुकिंग की सुविधा नहीं होगी। साथ ही डायनेमिक या फ्लेक्सी किराया भी लागू नहीं होगा। देश में इस समय तीन स्लीपर वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। इनमें वाराणसी-नई दिल्ली, हावड़ा-कामाख्या और एसएमवीटी बेंगलुरु-सीएसएमटी मुंबई शामिल हैं। इन सभी ट्रेनों में यात्री केवल सामान्य आरक्षण (Advance Reservation) के जरिए ही टिकट बुक कर सकते हैं।
क्या हैं नियम?
रेलवे के अनुसार स्लीपर वंदे भारत में तत्काल कोटा उपलब्ध नहीं है। राजधानी, शताब्दी या चेयर कार वंदे भारत की तरह इनमें आखिरी समय पर तत्काल टिकट नहीं लिया जा सकेगा। इसलिए यात्रा की योजना पहले से बनानी होगी। इसके अलावा इन ट्रेनों में केवल कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को ही चढ़ने की अनुमति होगी। आरएसी, वेटलिस्ट या आंशिक रूप से कन्फर्म टिकट वाले यात्री इन ट्रेनों में यात्रा नहीं कर सकेंगे।
किराये को लेकर राहत
स्लीपर वंदे भारत में फ्लेक्सी या डायनेमिक किराया प्रणाली लागू नहीं की गई है। यानी डिमांड बढ़ने पर टिकट अचानक महंगे नहीं होंगे। किराया तय रहेगा।
ट्रेन में कितनी बर्थ?
16 डिब्बों वाली यह फुल एसी ट्रेन में कुल 823 बर्थ हैं।
एसी थर्ड टियर: 611 बर्थ
एसी सेकंड टियर: 188 बर्थ
एसी फर्स्ट क्लास: 24 बर्थ
महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए थर्ड एसी में कुछ बर्थ आरक्षित हैं। रेलवे कर्मचारियों के लिए भी अलग कोटा रखा गया है। रेलवे का कहना है कि स्लीपर वंदे भारत को प्रीमियम सेवा के रूप में चलाया जा रहा है, इसलिए इसमें बुकिंग और यात्रा के नियम अन्य ट्रेनों से अलग रखे गए हैं।








