लेंस डेस्क। त्योहारों के सीजन में अपने घर जाने और काम पर वापस लौटने की उम्मीद लगाए बैठे करोड़ों रेल यात्रियों पर मंगलवार को दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। भारतीय रेलवे की रीढ़ कही जाने वाली IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप ऐन वक्त पर पूरी तरह ठप हो गए। सुबह से ही टिकट बुकिंग से लेकर PNR स्टेटस चेक करने तक की सभी डिजिटल सेवाएं पूरी तरह ध्वस्त पड़ी हैं, जिसके कारण आम जनता को भारी मानसिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ऐन मौके पर ठप्प पड़ा रेलवे का एप्प
दीपावली, भैया दूज और छठ पूजा जैसे महत्वपूर्ण पर्वों के अवसर पर जब आम नागरिक अपने परिवार तक पहुँचने के लिए एक-एक कंफर्म टिकट के लिए संघर्ष कर रहा है, तब IRCTC का सिस्टम पूरी तरह बैठ गया। यात्री जैसे ही टिकट बुक करने या प्रोसेस को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं, स्क्रीन पर ‘We are experiencing high load- Please retry’ (अत्यधिक लोड के कारण कृपया पुनः प्रयास करें) का संदेश आ जाता है। यह स्थिति न केवल IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट पर है, बल्कि मोबाइल ऐप ‘रेल कनेक्ट’ सहित तमाम डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर बनी हुई है।
न घर जाने की राह, न वापसी का भरोसा : जनता पस्त
इस तकनीकी नाकामी ने उन लोगों के सपनों पर सीधा पानी फेर दिया है जो छठ पर्व पर अपने गाँव-घर जाने की अंतिम समय में योजना बना रहे थे या जो दीपावली मनाकर वापस अपनी नौकरियों पर लौटने के लिए टिकट की ताक में थे। हद तो यह है कि जिन यात्रियों के पास पहले से बुक टिकट हैं, वे अपना PNR स्टेटस तक चेक नहीं कर पा रहे हैं। स्टेशन पहुँच चुके या यात्रा की तैयारी कर रहे लोगों को यह तक समझ नहीं आ रहा कि उनका टिकट कंफर्म हुआ है या वे वेटिंग में ही लटके रह गए हैं।
स्पेशल ट्रेनों का दावा फेल, व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
हालांकि रेलवे अक्सर दावा करता है कि त्योहारों के मद्देनजर विभिन्न रूटों पर सैकड़ों स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, लेकिन जब टिकट बुकिंग की बुनियादी व्यवस्था ही दम तोड़ दे, तो इन दावों की कलई खुल जाती है। हर साल त्योहारों के दौरान सर्वर क्रैश होना और ‘हाई लोड’ की समस्या आना एक आम बात बन चुकी है, फिर भी रेल प्रशासन की ओर से इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई पुख्ता कदम नहीं उठाए गए हैं।
खबर लिखे जाने तक इस पूरी अव्यवस्था पर भारतीय रेलवे या IRCTC की ओर से कोई भी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।








