तेलंगाना (Telangana) के सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह हैदराबाद-विजयवाड़ा नेशनल हाईवे पर एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई। एक इलेक्ट्रिक बस ने पीछे से ट्रक को टक्कर मार दी, जिसमें छह लोगों की जान चली गई। इनमें पांच महिलाएं शामिल हैं। घायलों की संख्या 12 बताई जा रही है।
बस में कुल 42 यात्री सवार थे। यह हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के एलुरु की ओर जा रही थी। घटना सुबह करीब 5:15 बजे कोडाड मंडल इलाके में हुई।पुलिस के अनुसार, ट्रक पर लोहे के भारी खंभे लदे हुए थे। टक्कर के झटके से उन्हें बांधने वाली चेन टूट गई और खंभे बस के दाईं तरफ घुस गए। आगे बैठे यात्रियों की मौत मुख्य रूप से इसी वजह से हुई।
हादसे के पीछे तेज रफ्तार का अनुमान लगाया जा रहा है। साथ ही, टक्कर से पहले ट्रक के सड़क डिवाइडर से टकराने की भी आशंका जताई गई है। घायलों में से दो की हालत गंभीर है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए विजयवाड़ा के अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मुख्य सचिव को घायलों को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।









