पीएम मोदी के जन्मदिन पर साय सरकार और भाजपा कल से मनाएगी सेवा पखवाड़ा, गांधी जयंती तक होंगे आयोजन

September 16, 2025 9:48 PM
Seva Pakhwada 2025

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से महात्मा गांधी के जन्मदिन तक सेवा पखवाड़ा (Seva Pakhwada 2025) के रूप में मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसका ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाते हैं।

सीएम ने आगे कहा कि इस सेवा पखवाड़ा में स्वच्छता, हेल्थ केयर सहित विभाग अलग-अलग आयोजन करेंगे।

नए विधानसभा परिसर में बैठक के बाद सीएम साय ने मीडिया को बताया कि सेवा पखवाड़े के दौरान सरकार और संगठन मिलकर आयोजन करेंगे। इस दौरान साफ-सफाई, स्वास्थ्य से जुड़े शिविर और ब्लड डोनेशन कैंप लगाए जाएंगे। इस पखवाड़े को सरकार इस बार निबंध प्रतियोगिता के रूप में स्कूलों तक ले जा रही है।

छत्तीसगढ़ सरकार की तरह प्रदेश भाजपा भी सेवा पखवाड़ा मनाएगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्म दिन को भाजपा ऐतिहासिक बनाने के लिए लगातार जन कल्याण के कार्य कर रहे है।

अखिलेश सोनी ने कहा, ‘केन्द्रीय नेतृत्व के निर्देश पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा अभियान के रूप में मनाने की योजना बनाई गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को प्रदेश भर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है।’

महामंत्री ने आगे कहा कि रक्तदान केन्द्र में कम से कम 75 यूनिट रक्तदान करने की योजना बनाई गई है और सार्वजनिक स्थालों पर स्वच्छता अभियान चलाने की योजना बनाई गई है। मोदी विकास मैराथन देश के 75 बड़े महानगरों में युवा मोर्चा द्वारा आयोजित किया जाना तय किया गया है।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने 17 सितम्बर को 75वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रदेश भाजपा परिवार की ओर से बधाई दी है। श्री देव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आज दुनिया भर के राष्ट्र नायकों के आदर्श हैं।

भाजपा की रायपुर शहर इकाई कल स्वच्छता अभियान कार्यक्रम चलाएगी। यह अभियान रायपुर शहर जिले के सभी 20 मंडल में चलेगा।

भाजपा रायपुर शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता के के शर्मा पुरानी बस्ती मंडल में आयोजित स्वच्छता अभियान कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही रायपुर के चारों विधानसभा क्षेत्र के विधायक अपने-अपने क्षेत्र में स्वच्छता अभियान कार्यक्रम में शामिल होकर इस अभियान की सफलता हेतु कार्य करेंगे।

सेवा पखवाड़ा के तहत भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रायपुर के मरीन ड्राइव में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मखमूर इकबाल ने जानकारी दी कि मोर्चा 75 पौधरोपण, 75 जरूरतमंद महिला और पुरुष को कपड़ा वितरण, 75 किलो फलों का वितरण व विशाल फोटो प्रदर्शनी का आयोजन कर रहा है।

यह भी पढ़ें : पीएम मोदी के जन्मदिन पर पूरा बिहार देखेगा सिनेमा, करेगा रक्तदान

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। 2022 से दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर के तौर पर काम किया है। इस दौरान स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन खबरें लिखीं। दैनिक भास्‍कर से पहले नवभारत, नईदुनिया, पत्रिका अखबार में 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now