रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी Raipur के डीडी नगर इलाके में 24 घंटे के भीतर चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों ही मामलों में मामूली विवाद के बाद चाकू से हमला किया गया। एक घटना में युवक गंभीर रूप से घायल है, जबकि दूसरी घटना में घायल युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने एक मामले में दो अपचारी बालकों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों का पुलिस अधिकारी जल्द खुलासा कर सकते हैं।
लगातार हुई इन वारदातों के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों मामलों में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला मित्र के साथ घर लौट रहा था युवक
पहली घटना महादेव घाट रोड पर गणेश मंदिर के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, निषादपारा रायपुरा निवासी कैलाश निषाद (20) अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार चंगोराभाठा निवासी टीकेंद्र देवांगन (20) ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि टीकेंद्र ने बिना किसी बातचीत के कैलाश पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में कैलाश घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, बचाव में कैलाश ने टीकेंद्र से चाकू छीन लिया और उसी चाकू से उस पर वार कर दिया।
गंभीर रूप से घायल टीकेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं घायल कैलाश को उपचार के लिए एम्स रायपुर भेजा गया है। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चंगोराभाठा में युवक की हत्या
दूसरी घटना 23 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे चंगोराभाठा के श्रीराम नगर में हुई। यहां 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा का कुछ स्थानीय युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने मिलकर भोला पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भोला को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और उपलब्ध साक्ष्यों तथा पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो अपचारी बालक भी शामिल हैं। वहीं, पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
24 घंटे में दो मौतों से कानून-व्यवस्था पर सवाल
डीडी नगर थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर चाकूबाजी की दो घटनाओं में दो युवकों की मौत के बाद शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। दोनों मामलों में विवाद के बाद चाकू से हमला किया गया, जिससे क्षेत्र में नागरिकों के बीच भय का माहौल है।
लगातार हुई चाकूबाजी की घटनाओं पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने गहरा आक्रोश जताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों के दिल से पुलिस का खौफ खत्म हो गया है।
कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि दोहरे हत्याकांड के बाद नागरिकों में भय का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने गृहमंत्री विजय शर्मा, पुलिस प्रशासन और कमिश्नरेट प्रणाली पर सवाल उठाते हुए सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।









