बिलासपुर (छत्तीसगढ़): मंदिर का गेट, भाजपा से जुड़े दो गुट, चोरी का पुराना विवाद और फिर अचानक हुई मारपीट। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर(Ratanpur) में मां महामाया मंदिर के बाहर हुए इस विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी बताई जा रही रेहाना बेगम एक युवक को चप्पल से पीटती नजर आ रही हैं। एक अन्य फुटेज में युवक का कॉलर पकड़ने का दृश्य भी दिख रहा है। हालांकि, वीडियो में दिख रहे लोगों की भूमिका और घटना की पूरी परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगी।
विवाद की शुरुआत चोरी से
मामले की जड़ करीब एक सप्ताह पहले हुई चोरी की घटना में बताई जा रही है। तुषार पटेल की प्रसाद की दुकान और होटल से सामान चोरी हुआ था। शनिवार को तुषार ने अपनी दुकान पर काम करने वाले करिया उर्फ मनोज से पूछताछ की। मनोज फिलहाल भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी रेहाना बेगम की फूल की दुकान पर काम करता है।
पूछताछ की जानकारी रेहाना बेगम तक पहुंची। मोन्टी के फोन के बाद वह मौके पर पहुंचीं। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो जल्द ही गाली-गलौज और फिर हाथापाई में बदल गई।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत
मामला सिर्फ मारपीट तक सीमित नहीं रहा। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तुषार पटेल ने अपनी शिकायत में रेहाना बेगम सहित चार लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके परिजनों के साथ भी मारपीट की गई।
वहीं रेहाना बेगम ने भी पुलिस में शिकायत दी है। उनका आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। उन्होंने बीच-बचाव करने पहुंचे अपने पक्ष के लोगों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है।
चोरी के पुराने विवाद से शुरू हुआ मामला अब भाजपा से जुड़े दो गुटों के बीच मारपीट और FIR तक पहुंच गया है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। पुलिस शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
रतनपुर के महामाया मंदिर के बाहर हुए इस विवाद ने स्थानीय भाजपा संगठन में भी चर्चा छेड़ दी है। सवाल यह है कि चोरी की पूछताछ से शुरू हुआ विवाद आखिर भाजपा से जुड़े दो पक्षों के बीच मारपीट तक कैसे पहुंच गया और वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम की पूरी सच्चाई पुलिस जांच में क्या सामने आती है। फिलहाल दोनों पक्षों की शिकायत पर जांच जारी है।










