जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्थित नगरनार NMDC स्टील प्लांट में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में काम कर रहे एक कर्मचारी की गर्म धातु की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय मंगल साय नेताम के रूप में हुई है, जो बस्तर जिले के छोटे देवड़ा गांव का रहने वाला था। हादसा इतना गंभीर था कि कर्मचारी को बचाने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर नगरनार पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
उत्पादन सेक्शन में काम करते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, मंगल साय नेताम एनएमडीसी स्टील प्लांट में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। वह वर्ष 2023 से यहां काम कर रहा था। मंगलवार दोपहर वह प्लांट के उत्पादन सेक्शन में ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान अचानक गर्म धातु की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि धातु का तापमान इतना अधिक था कि कुछ ही सेकंड में उसकी मौत हो गई। हादसे के वक्त आसपास दूसरे कर्मचारी भी मौजूद थे, लेकिन वे उसे बचा नहीं सके।
हालांकि, कर्मचारी गर्म धातु की चपेट में कैसे आया और घटना के समय वहां क्या काम चल रहा था, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने मर्ग कायम किया, हादसे की वजह की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही नगरनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है। एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर और नगरनार थाना प्रभारी विकेश तिवारी के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। घटना के समय कर्मचारी के पास जरूरी सुरक्षा उपकरण थे या नहीं और प्लांट में निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इन पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
नगरनार स्टील प्लांट में हुए इस हादसे के बाद कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। खासकर उन हिस्सों में, जहां अत्यधिक तापमान पर पिघली धातु के साथ काम किया जाता है। ऐसे स्थानों पर सुरक्षा उपकरणों और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन बेहद जरूरी होता है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हादसा किसी तकनीकी खराबी, सुरक्षा व्यवस्था में चूक या अन्य कारण से हुआ। पुलिस जांच के बाद ही इसकी वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। वहीं, घटना को लेकर एनएमडीसी स्टील प्लांट प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।








