देवास। मध्य प्रदेश के देवास (Dewas)में मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के मेंढकी रोड रेलवे अंडरब्रिज में पानी भर गया। जलभराव के बीच कई दोपहिया और चारपहिया वाहन फंस गए। इसी दौरान एक निजी स्कूल की बच्चों से भरी वैन भी पानी में फंस गई। वैन में सवार बच्चे करीब दो घंटे तक मुश्किल में फंसे रहे। स्थानीय लोगों, डायल-112 और सिविल लाइन थाना पुलिस की मदद से रस्सियों के सहारे सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
बताया गया कि भारी बारिश के कारण अंडरब्रिज में काफी पानी जमा था और सुरक्षा के लिए पुलिस ने स्टॉपर लगाकर रास्ते पर आवाजाही रोक दी थी। इसके बावजूद वैन चालक ने स्टॉपर हटाकर वाहन को जलभराव वाले रास्ते में उतार दिया। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद पानी भरने से वैन बंद हो गई। आरोप है कि इसके बाद चालक बच्चों को मौके पर छोड़कर वहां से चला गया। सूचना मिलने पर स्थानीय नागरिक और पुलिस मौके पर पहुंचे और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
चालक गिरफ्तार, स्कूल संचालक पर भी मामला दर्ज
घटना को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस ने वैन चालक के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 285 और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने स्कूल संचालक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। सुरक्षा मानकों और चरित्र सत्यापन से जुड़े दिशा-निर्देशों की कथित अनदेखी के मामले में BNS की धारा 223 के तहत अपराध क्रमांक 467/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
हर बारिश में क्यों भरता है अंडरब्रिज?
मेंढकी रोड रेलवे अंडरब्रिज में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या सामने आती रही है। स्थानीय स्तर पर इसे अंडरब्रिज के तकनीकी फेलियर से जोड़कर सवाल उठाए जा रहे हैं। ऐसे में सवाल यह भी है कि हर साल बारिश में पानी भरने वाले इस रास्ते को लेकर स्थायी समाधान क्यों नहीं किया गया?
फिलहाल प्रशासन और पुलिस ने स्कूल संचालकों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। स्कूल वाहनों की फिटनेस, परमिट और चालकों के पुलिस सत्यापन को प्राथमिकता देने को कहा गया है। साथ ही जलभराव वाले रास्तों और पुल-पुलियों से किसी भी हालत में वाहन नहीं निकालने की हिदायत दी गई है।










