दुर्ग के नगर निकाय चुनाव की मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का आखिरी मौका 20 नवंबर तक

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों में दिसंबर 2026 में होने वाले चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करने का काम चल रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने समय-सारणी में बदलाव किया है। अब जिनका नाम विधानसभा की मतदाता सूची में है लेकिन नगर निकाय की सूची में नहीं है, वे 20 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं।

आयोग ने दूसरे चरण की तारीखों में संशोधन किया है। दावे और आपत्तियों का निराकरण 19 नवंबर तक होगा। उसके बाद 20 नवंबर तक नाम जोड़ने के लिए आवेदन लिए जाएंगे। यह मौका उन पात्र मतदाताओं के लिए है जिनका नाम विधानसभा मतदाता सूची में दर्ज है, लेकिन नगर निकाय की सूची में नहीं आ पाया है। आवेदन प्रारूप क-1 में रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के पास जमा करना होगा। जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन करने पर जांच के बाद पात्र नाम जोड़ दिए जाएंगे।

सूची 1 अक्टूबर 2026 की स्थिति के आधार पर बनाई जा रही है। जिला प्रशासन के अनुसार पहले जारी कार्यक्रम में आंशिक बदलाव किया गया है। कलेक्टर-जिला निर्वाचन अधिकारी दुर्ग के 12 नवंबर के पत्र पर विचार करते हुए आयोग ने 13 नवंबर को संशोधित आदेश जारी किया। गौरतलब है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हाल ही में मतदाता सूची में नाम न होने और परिसीमन के बिना वार्ड शिफ्ट करने के मुद्दे पर प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की थी।

प्रारूप क-1 में पहले जिन आवेदनों को निरस्त किया गया था, उनकी भी दोबारा जांच की जाएगी। संबंधित लोगों को सूचना दी जाएगी। दस्तावेज जमा करने के बाद पात्र पाए जाने पर नाम सूची में शामिल कर लिया जाएगा। रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अभियान चलाकर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने का काम पूरा करें।

प्राप्त आवेदनों का निराकरण 23 नवंबर तक।
दावा-आपत्ति के आदेश से असंतुष्ट लोग आदेश जारी होने के 5 दिन के अंदर अपील कर सकते हैं।
नए नाम जोड़ने, सुधार करने और नाम हटाने की जानकारी 25 नवंबर तक सॉफ्टवेयर में दर्ज करनी होगी।
26 नवंबर तक मतदाता सूची की जांच पूरी करके प्रिंटिंग के लिए जिला कार्यालय को सौंपनी होगी।

बाकी प्रक्रिया पहले घोषित कार्यक्रम के अनुसार ही चलेगी।

मतदाता ऑनलाइन भी अपना नाम देख सकते हैं: विधानसभा मतदाता सूची के लिए EPIC नंबर से सर्च करें: https://electoralsearch.eci.gov.in
नगर निकाय की सूची जानने के लिए: https://cgsecerms.cgstate.gov.in

यहां पता चल जाएगा कि आपका नाम किस नगर निकाय के किस वार्ड में दर्ज है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now