लिखना शुरू किया तो बांध टूट गया: सोनिया गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) ने अपनी आत्मकथा ‘Belonging’ के विमोचन के दौरान निजी जिंदगी और राजनीतिक सफर से जुड़े कई अनुभव साझा किए। उन्होंने राजीव गांधी से पहली मुलाकात, इंदिरा गांधी के साथ रिश्ते, परिवार में हुई हत्याओं और बच्चों की परवरिश पर खुलकर बात की। साथ ही बताया कि उन्होंने अपनी कहानी लिखने का फैसला क्यों किया।

पेश है किताब के विमोचन के दौरान संचालक और सोनिया गांधी के बीच हुई बातचीत का हिंदी रूपांतरण, जिसमें उन्होंने अपनी जिंदगी के कई अनसुने किस्से साझा किए।

संचालक: सबसे पहले मैं आपको एक बार फिर बधाई देना चाहूंगी और इस किताब के लिए धन्यवाद भी। अब तक आपको अंदाजा हो गया होगा कि लोग आपकी कहानी जानने के लिए कितने उत्सुक थे। यह साफ है कि आपकी किताब हर उम्र और हर वर्ग के पाठकों तक पहुंच रही है। हमें भरोसा है कि इसका बहुत से लोगों के जीवन पर असर पड़ेगा। मैं आमतौर पर किसी से यह सवाल पूछना पसंद नहीं करती कि आप कैसा महसूस कर रहे हैं, लेकिन आज आपसे यही पूछना चाहूंगी। आखिरकार आपकी किताब दुनिया के सामने आ गई है। आप कैसा महसूस कर रही हैं?

सोनिया गांधी: सच कहूं तो लोगों से मिले इतने प्यार और स्नेह से मैं अभिभूत हूं। मुझे बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि इतनी बड़ी प्रतिक्रिया मिलेगी। मैंने सोचा था कि लोगों की दिलचस्पी होगी, लेकिन एक सीमा तक। मगर जो प्रतिक्रिया मिली है, वह मेरी उम्मीद से कहीं ज्यादा है। लोगों ने किताब खरीदी, अपनी प्रतिक्रियाएं दीं और इतना प्यार दिखाया। इन सबने मुझे बहुत प्रभावित किया है। आलोचनाएं भी आई हैं और वे भी जरूरी हैं।

संचालक: लोगों के प्यार या आलोचनाओं में कोई ऐसी बात रही जिसने आपको खास तौर पर प्रभावित किया हो?

सोनिया गांधी: मैंने सभी प्रतिक्रियाएं नहीं पढ़ी हैं, लेकिन कुछ जरूर देखी हैं। कुछ टिप्पणियां काफी कटु हैं। कुछ लोग ईमानदारी से अपनी राय रखते हैं। वे बताते हैं कि मुझे क्या कहना चाहिए था और क्या नहीं कहना चाहिए था। कुल मिलाकर ये प्रतिक्रियाएं भी दिलचस्प हैं।

संचालक: आप हमेशा अपनी निजी जिंदगी को सार्वजनिक चर्चा से दूर रखना पसंद करती रही हैं। आपने इतने वर्षों तक अपनी कहानी नहीं लिखी। फिर अब आत्मकथा लिखने का फैसला क्यों किया? इसे लिखना आसान भी नहीं रहा होगा। आपको यह अंदाजा भी रहा होगा कि किताब आने के बाद कितना तमाशा होगा। फिर आपने खुद को इस सबके बीच लाने का फैसला क्यों किया?

सोनिया गांधी: मेरे कई दोस्त लंबे समय से कहते रहे कि मुझे अपनी कहानी लिखनी चाहिए। उनका कहना था कि मेरी जिंदगी की कहानी दिलचस्प है, क्योंकि मैं दूसरे देश से यहां आई थी। लेकिन मैं हमेशा अपनी निजी भावनाओं के बारे में बात करने से बचती रही हूं। मैं लोगों, जगहों और घटनाओं के बारे में भीतर से क्या महसूस करती हूं, इसे सार्वजनिक करना मेरे लिए आसान नहीं था। इसलिए मैं इस सुझाव को टालती रही। फिर धीरे-धीरे राहुल और प्रियंका ने जोर देना शुरू किया। मेरी एक करीबी दोस्त मंजुलिका ने भी कहा कि मुझे लिखना चाहिए। आखिरकार मैं मान गई। मैंने सोचा, ठीक है, अब अपनी कहानी लिखते हैं। शुरुआत में काफी मुश्किल हुई, लेकिन एक बार लिखना शुरू किया तो जैसे यादों का बांध टूट गया। बचपन की बातें, युवावस्था, अपने होने वाले पति से मुलाकात और जिंदगी की तमाम घटनाएं याद आने लगीं।

संचालक: लेकिन आपने अभी लिखने का फैसला क्यों किया?

सोनिया गांधी: इसकी एक बड़ी वजह यह है कि मेरे परिवार के बारे में बहुत कुछ कहा जा रहा है। मेरी सास, मेरे पति, मेरे बेटे, मेरी बेटी और मेरे बारे में तरह-तरह की बातें कही जाती हैं। इनमें से बहुत सी बातें वास्तविकता से बिल्कुल अलग हैं। हमारा परिवार जैसा है, उससे उन कहानियों का कोई संबंध नहीं है। यहां मौजूद मेरे कई राजनीतिक सहयोगियों और दोस्तों ने भी शायद ऐसा अनुभव किया होगा। आपके आसपास कहानियां गढ़ दी जाती हैं। झूठी बातें फैलाई जाती हैं। ऐसी बातें कही जाती हैं जो तकलीफ पहुंचाती हैं और जिनका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं होता। मुझे लगा कि शायद इस किताब के जरिए मैं अपनी भावनाएं सामने रख सकती हूं। अपने परिवार के बारे में जो जानती हूं, वह बता सकती हूं। शायद लोग मेरी कहानी भी सुनने के लिए तैयार हों।

संचालक: जब आप यह किताब लिख रही थीं, तब आपको अपनी जिंदगी की पुरानी यादों में लौटना पड़ा होगा। इनमें कई यादें सुखद नहीं थीं। क्या कभी ऐसा हुआ कि किसी हिस्से को लिखने के बाद आपको कुछ समय के लिए किताब लिखना बंद करना पड़ा? क्योंकि कई पाठकों ने भी कहा है कि कुछ हिस्से पढ़ते समय उन्हें किताब बंद करनी पड़ी।

सोनिया गांधी: हां, ऐसा कई बार हुआ। कभी-कभी कुछ भी समझ नहीं आता था कि आगे क्या लिखूं। तब मैं खुद से पूछती थी कि आखिर मैंने यह काम शुरू ही क्यों किया। फिर मेरे दोस्त और बच्चे कहते थे कि अब शुरू किया है तो आगे भी लिखो। एक बार और कोशिश करो। इस तरह लिखने का सिलसिला चलता रहा। कुछ हिस्से बहुत मुश्किल थे। बचपन और युवावस्था की बातें आसानी से याद आ गईं। मुझे ऐसी छोटी-छोटी बातें भी याद आने लगीं जिनके बारे में वर्षों से सोचा तक नहीं था। लेकिन जब अपनी सास की हत्या और फिर अपने पति की हत्या के बारे में लिखने की बारी आई, तो वह बहुत मुश्किल था। उन घटनाओं के समय मैं इतनी सदमे में थी, इतनी दुखी और परेशान थी कि कई बातें मेरी यादों से निकल गई थीं। प्रियंका और राहुल ने मुझे उन घटनाओं की कुछ बातें याद दिलाईं। तब मैं आगे लिख सकी। दूसरी तरफ कई सुखद यादें भी थीं। जैसे पहली बार अपने पति से मिलना, उन्हें पहली बार देखना और फिर बच्चों का जन्म। लेकिन बाकी बातें जानने के लिए आपको किताब पढ़नी होगी।

संचालक: आपकी किताब में वर्षों पुरानी घटनाओं का भी बहुत बारीकी से जिक्र है। आपकी याददाश्त सचमुच हैरान करती है। आपने कुछ जगह इंदिरा गांधी के निजी दस्तावेजों का भी इस्तेमाल किया है। क्या आप कभी डायरी लिखती थीं या अपने अनुभवों के नोट्स बनाती थीं?

सोनिया गांधी: नहीं, और यह मेरी एक बड़ी गलती रही। मैंने कभी डायरी नहीं लिखी। बचपन में भी नहीं और राजनीतिक जीवन में भी नहीं। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के समय जब मैं विपक्ष की नेता थी, तब के मेरे हाथ से लिखे कुछ नोट्स हैं। शायद तीन, चार या पांच। इसके अलावा कुछ नहीं है। आजकल इंटरनेट पर बहुत सी जानकारियां उपलब्ध हैं, जिनसे पुरानी घटनाओं की पुष्टि की जा सकती है। लेकिन मुख्य रूप से मैंने अपनी यादों और अनुभवों के आधार पर लिखा है।

संचालक: अब किताब के नाम पर आते हैं। Belonging शब्द इन दिनों काफी चर्चा में है। इसके कई अर्थ हैं। आपने अपनी किताब के लिए यही नाम क्यों चुना?

सोनिया गांधी: Belonging यानी किसी जगह, परिवार या समाज का हिस्सा होना। यह शब्द किताब में बार-बार आता है। मेरे मामले में यह उस कोशिश से जुड़ा है जो मैंने किसी परिवार और समाज का हिस्सा बनने के लिए की। जब आप बाहर से आते हैं तो आपके मन में यह भावना रहती है कि आप बाकी लोगों जैसे नहीं हैं। आपको लगता है कि हर समय लोग आपको देख रहे हैं। आप कोई गलती कर दें, कोई गलत शब्द बोल दें या कोई काम उनके तरीके से न करें, तो आपको लगता है कि लोग उस पर ध्यान दे रहे हैं। इसलिए खुद को स्वीकार करवाने और उस परिवार का हिस्सा बनने की कोशिश लगातार चलती रहती है। मुझे लगता है कि यह अनुभव सिर्फ मेरा नहीं है। भारत में बहुत सी लड़कियां शादी के बाद नए घर में जाती हैं। भले ही उनका सामाजिक और सांस्कृतिक परिवेश एक जैसा हो, लेकिन नए परिवार के तौर-तरीकों के अनुसार खुद को ढालना पड़ता है। कई बार परिवार के लोग सीधे कुछ नहीं कहते, लेकिन आपको मालूम होता है कि वे आपसे क्या उम्मीद रखते हैं। मेरे लिए शायद यह थोड़ा ज्यादा मुश्किल था, क्योंकि मैं बिल्कुल अलग देश और संस्कृति से आई थी। लेकिन भारतीय लड़कियों के लिए भी यह उतना ही कठिन हो सकता है। उन्हें भी स्वीकार किए जाने के लिए बहुत कोशिश करनी पड़ती है। इसीलिए मैंने किताब का नाम Belonging रखा।

संचालक: इस किताब के केंद्र में एक खूबसूरत प्रेम कहानी भी है। यह साफ दिखाई देता है कि आप राजीव गांधी से बेहद प्यार करती थीं और वह भी आपसे उतना ही प्यार करते थे। आपको पहली मुलाकात की हर छोटी बात याद है। क्या आप कहेंगी कि आपकी प्रेम कहानी किसी जादू जैसी थी?

सोनिया गांधी: हां, मैं इससे सहमत हूं।

संचालक: उन दिनों की कुछ ऐसी यादें बताइए जो आज भी आपके दिल के करीब हैं।

सोनिया गांधी: सबसे खास याद तो उनसे पहली मुलाकात की है। एक दोस्त ने हम दोनों का परिचय कराया था। इसके बाद कैम्ब्रिज में हमारी जिंदगी बहुत बेफिक्र और खुशहाल थी। फिर वह समय आया जब राजीव भारत लौट आए और मैं इटली चली गई। हम दोनों एक-दूसरे को हर दिन चिट्ठियां लिखते थे। उस समय नीले रंग के एयर लेटर हुआ करते थे। हम अपनी चिट्ठियों पर नंबर डालते थे, ताकि पता रहे कि कौन-सी चिट्ठी पहले लिखी गई है। उन चिट्ठियों में हम एक-दूसरे को बताते थे कि हमारी जिंदगी में क्या चल रहा है। वह समय बहुत खास था। करीब एक साल बाद जब मैं भारत आई और राजीव को दोबारा देखा तो उनका वजन काफी बढ़ गया था। मैंने सोचा कि क्या ये वही लड़के हैं जिनसे मैं कैम्ब्रिज में मिली थी? हालांकि कुछ समय बाद उनका वजन फिर सामान्य हो गया। फिर हमारी शादी हुई।

संचालक: आपने अपने पिता से राजीव गांधी के बारे में कैसे बात की? आखिर उन्हें शादी के लिए मनाना भी था।

सोनिया गांधी: यह बहुत मुश्किल था। राजीव मुझे लगातार लिखते थे और पूछते थे कि क्या मैंने अपने माता-पिता से बात की। मैं सोचती थी कि उन्हें यह इतना आसान क्यों लगता है। मेरे पिता बहुत सख्त थे। वैसे भी उस समय माता-पिता और बच्चों के बीच एक दूरी होती थी। सामान्य बातें करना भी मुश्किल होता था, फिर शादी के बारे में कैसे बात करती? आखिरकार राजीव खुद मेरे पिता से मिलने आए। वह समय काफी तनाव भरा था। हमें नहीं मालूम था कि मेरे पिता हां कहेंगे या नहीं। मेरे पिता ने राजीव को देखा, उनसे बात की और फिर शादी के लिए सहमत हो गए। लेकिन उस समय इटली में 21 साल की उम्र से पहले शादी नहीं की जा सकती थी। इसलिए मुझे इंतजार करना पड़ा। मेरे पिता ने मुझे भारत आने और यहां के हालात समझने के लिए वापसी का टिकट दिया था। लेकिन मैं उस समय वापस नहीं गई। बाद में जरूर गई थी।

संचालक: आपका बचपन इटली के एक छोटे शहर में बड़े परिवार के बीच बीता। चाचा-चाची, मामा-मामी, दादा-दादी और बहुत से रिश्तेदार थे। भारत आने के बाद आपको बिल्कुल अलग दुनिया मिली होगी। क्या दोनों परिवारों में कुछ समानताएं भी थीं, जिनसे आपको यहां रहने में आसानी हुई?

सोनिया गांधी: हां, कुछ समानताएं थीं। हम तीन बहनें थीं, लेकिन हमारा संयुक्त परिवार बड़ा था। रिश्तेदार, दादा-दादी, नाना-नानी, सभी थे। इटली में हमारा पारिवारिक माहौल काफी अनौपचारिक था। हालांकि बड़े-बुजुर्गों का सम्मान करना वहां भी जरूरी था, बिल्कुल भारत की तरह। जब मैं भारत आई और इंदिरा गांधी की बहू बनी, तो यहां का माहौल कुछ अलग था। यहां परिवार में कुछ औपचारिकताएं थीं। मेरी सास बहुत व्यस्त रहती थीं, लेकिन जब वह घर पर होती थीं तो हमें उनके साथ खाना खाना होता था। कुछ नियम थे। इटली में मुझे बचपन से सिखाया गया था कि बड़ों का सम्मान करना चाहिए और परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना चाहिए। शायद उसी परवरिश ने मुझे यहां के माहौल में ढलने में मदद की।

संचालक: क्या भारत में बसने के लिए आपको अपने व्यक्तित्व या पुरानी जिंदगी का कोई हिस्सा पीछे छोड़ना पड़ा?

सोनिया गांधी: जब मैं भारत आई थी, तब मुझे इस देश के बारे में लगभग कुछ नहीं मालूम था। मैं सिर्फ राजीव को जानती थी। 1968 में यूरोप में आम लोगों को भारत के बारे में बहुत ज्यादा जानकारी नहीं होती थी, जब तक कि उनकी राजनीति में दिलचस्पी न हो। यहां आने पर मेरे लिए सब कुछ अलग था। कुछ बातें हैरान करती थीं। कुछ बातें समझ नहीं आती थीं। लेकिन धीरे-धीरे मैंने उन्हें समझना और उनकी सराहना करना सीखा।

संचालक: आप 13 जनवरी 1968 को भारत पहुंचीं। आपको पता था कि आपकी होने वाली सास भारत की प्रधानमंत्री हैं। जाहिर है कि आपकी जिंदगी बदलने वाली थी। लेकिन क्या आपको अंदाजा था कि आप किस तरह की जिंदगी में कदम रखने जा रही हैं?

सोनिया गांधी: नहीं, मुझे ज्यादा अंदाजा नहीं था। मेरे लिए सबसे बड़ी बात यही थी कि आखिरकार मेरी शादी राजीव से होने वाली थी। मैं बस उसी का इंतजार कर रही थी। शादी के बाद हमारी जिंदगी काफी शांत और खुशहाल थी। राजीव ने पहले पायलट की ट्रेनिंग ली और फिर विमान उड़ाने लगे। उन दिनों रोज उड़ानें नहीं होती थीं। कभी सप्ताह में दो उड़ानें होती थीं। कभी उन्हें एक रात बाहर रुकना पड़ता था। कुछ मौकों पर मैं भी उनके साथ चली जाती थी। हम उनके पायलट दोस्तों से मिलते थे, बाहर घूमने जाते थे। दिल्ली में हम इंडिया गेट पर आइसक्रीम खाने जाया करते थे। उस समय घूमने-फिरने की खास जगहों में इंडिया गेट भी था। मुझे आज भी वहां के आइसक्रीम बेचने वाले याद हैं। कभी हमारे पास कुछ पैसे कम पड़ जाते थे तो वे कहते थे कि कोई बात नहीं, कल दे देना। एक सरदार जी थे जिनसे हम अक्सर आइसक्रीम लेते थे। वह बहुत अच्छे इंसान थे।

संचालक: घर में आपकी सास इंदिरा गांधी थीं, जिनका व्यक्तित्व बेहद प्रभावशाली था। आपने किताब में उनके साथ अपने बदलते रिश्ते के बारे में लिखा है। आपने बताया कि शुरुआत में आप उनसे डरती थीं, लेकिन बाद में वह आपको अपनी उस बेटी की तरह मानने लगीं जो उन्हें कभी नहीं हुई। आपने उनके मजबूत और कमजोर दोनों दौर देखे। उनके साथ रहने का अनुभव कैसा था?

सोनिया गांधी: शुरुआत में मैं इंदिरा गांधी से बहुत डरती थी। मुझे समझ नहीं आता था कि उनसे कैसे बात करूं और क्या कहूं। राजीव और संजय उन्हें मां कहते थे। मुझसे भी उम्मीद थी कि मैं उन्हें मां या मम्मी कहूं। लेकिन मेरे लिए यह बहुत मुश्किल था। मेरे मन में मां सिर्फ एक थीं, मेरी इटली वाली मां। मैं किसी और को मां कहने के लिए तैयार नहीं थी। इसलिए मैं कोशिश करती थी कि उनसे बिना मां कहे कैसे बात करूं। धीरे-धीरे जब उन्हें समझने लगी, तब मां कह पाई। लेकिन इसमें काफी समय लगा। उनका व्यक्तित्व बहुत प्रभावशाली था। मैं उनका बहुत सम्मान करती थी और थोड़ा डरती भी थी। कभी-कभी उन्हें गुस्सा आता था। तब मुझे अपने पिता की याद आ जाती थी और मैं बिल्कुल चुप हो जाती थी। राजीव और संजय भी ऐसे समय चुपचाप बैठ जाते थे और इंतजार करते थे कि उनका गुस्सा शांत हो जाए। हालांकि ऐसा अक्सर नहीं होता था। फिर राहुल और प्रियंका के जन्म के बाद उनमें काफी बदलाव आया। वह बच्चों की दादी बन गई थीं और उनका स्वभाव ज्यादा नरम हो गया था। धीरे-धीरे मेरा उनके साथ रिश्ता इतना सहज हो गया कि मैं उनसे निजी मामलों पर भी बात करने लगी। कई ऐसी बातें थीं जो मैं अपने पिता से कभी नहीं कह सकती थी। अपनी मां से भी नहीं कहती थी, क्योंकि वह छोटी-छोटी बातों पर परेशान हो जाती थीं। लेकिन अपनी सास से मैं निजी और पारिवारिक मामलों पर खुलकर बात कर सकती थी।

संचालक: आपने किताब में लिखा है कि इंदिरा गांधी ने आपको अपने बारे में बहुत कुछ सिखाया। राहुल के नामकरण से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी है। क्या आप उसके बारे में बताएंगी?

सोनिया गांधी: हां, उस समय हमारी थोड़ी बहस हो गई थी। राहुल के जन्म के बाद नामकरण का कार्यक्रम होना था। मेरी सास ने सारी तैयारियां अपने हाथ में ले लीं। कौन पंडित आएगा, क्या कार्यक्रम होगा, किन लोगों को बुलाया जाएगा, सब कुछ उन्होंने तय करना शुरू कर दिया। मुझे लगा कि राहुल मेरा भी बेटा है, सिर्फ उनका पोता नहीं। मैंने उनसे इस बात पर नाराजगी जताई। भारतीय परिवारों में अक्सर ऐसा होता है कि शादी के बाद लड़की पूरी तरह नए परिवार का हिस्सा बन जाती है। हालांकि मेरी सास खुद काफी आधुनिक विचारों की थीं। उन्होंने विदेश में पढ़ाई की थी। जब मैंने उनसे अपनी नाराजगी जताई तो उन्होंने माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उन्हें आदेश देने की इतनी आदत हो गई है कि वह भूल गई थीं कि उनकी किसी बात से मुझे दुख भी हो सकता है। इसके बाद मामला शांत हो गया।

संचालक: क्या इंदिरा गांधी ने आपको ऐसी बातें सिखाईं जिन्हें आप आज भी अपने जीवन में अपनाती हैं?

सोनिया गांधी: बिल्कुल। सबसे पहले अनुशासन और समय की पाबंदी। इटली में हमारे समय में लोग समय को लेकर इतने पाबंद नहीं होते थे। अगर किसी को सात बजे बुलाया जाए तो वह नौ बजे भी पहुंच सकता था। लेकिन इंदिरा गांधी समय की बहुत पाबंद थीं। उनसे मैंने साहस, दृढ़ निश्चय और अपने विचारों पर कायम रहना सीखा। जब आप किसी परिवार में रहते हैं तो वहां के लोगों को देखते हुए धीरे-धीरे उनके गुण और मूल्य आपके भीतर भी आने लगते हैं। शायद मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ।

संचालक: शादी के शुरुआती साल बहुत खुशहाल थे। राजीव पायलट थे, आप घर संभालती थीं। बच्चे, दोस्त, छुट्टियां और परिवार के साथ समय बिताना आपकी जिंदगी का हिस्सा था। फिर राजीव गांधी ने राजनीति में आने का फैसला किया। इससे आपकी जिंदगी कैसे बदली?

सोनिया गांधी: मैं राजीव के राजनीति में आने के बिल्कुल खिलाफ थी। मैंने वर्षों तक अपनी सास को राजनीति में काम करते देखा था। वह अपना पूरा जीवन अपने काम को समर्पित कर चुकी थीं। शायद मैं थोड़ी स्वार्थी भी थी, क्योंकि मुझे लगता था कि राजीव राजनीति में आएंगे तो हमारे पास एक-दूसरे के लिए समय नहीं बचेगा। और ऐसा हुआ भी। राजीव लगातार यात्राएं करने लगे। उन्हें कई बैठकों में जाना पड़ता था। घर पर भी राजनीतिक बैठकें होती थीं। हमारी जिंदगी बदल गई। लेकिन एक तरह से हमारा रिश्ता और मजबूत हो गया। अब हमारे पास साथ रहने के लिए जितना भी समय होता था, वह पहले से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण हो गया था। बच्चों के लिए भी वही समय बहुत खास होता था।

संचालक: लेकिन बाद में आप उनके साथ चुनाव प्रचार में भी जाने लगी थीं?

सोनिया गांधी: हां, लेकिन उनके पहले चुनाव में नहीं गई थी। मैंने जाने से मना कर दिया था। मैं जिद पर अड़ी हुई थी, क्योंकि मैं नहीं चाहती थी कि वह राजनीति में आएं। बाद में जरूर उनके साथ जाने लगी। हम उनके निर्वाचन क्षेत्र में जाते थे, गांवों में लोगों से मिलते थे, मेडिकल कैंप लगाते थे। इससे लोगों की जिंदगी, उनकी परेशानियों और जरूरतों को समझने का मौका मिला।

सोनिया गांधी: अच्छा, अभी कितने सवाल बाकी हैं?

संचालक: अभी कुछ सवाल और हैं। क्या आप थक रही हैं?

सोनिया गांधी: नहीं, मैं नहीं थकी हूं। लेकिन शायद यहां बैठे लोग थक गए होंगे।

संचालक: मुझे यकीन है कि लोग आपकी जिंदगी के बारे में सुनना चाहते हैं, क्योंकि आप अक्सर इस तरह खुलकर बात नहीं करतीं।

सोनिया गांधी: मुझे कोई परेशानी नहीं है। लेकिन ये लोग यहां काफी घंटों से बैठे हैं।

संचालक: अभी तो कुछ ही मिनट हुए हैं। कुछ और सवाल बाकी हैं।

सोनिया गांधी: ठीक है।

संचालक: राजीव गांधी वह व्यक्ति थे जिनके इर्द-गिर्द आपकी पूरी जिंदगी बनी थी। उनकी हत्या ने आपको पूरी तरह तोड़ दिया। उसके बाद के महीनों में आपको किस बात ने संभाला?

सोनिया गांधी: उस समय मेरे बेटे और बेटी ने मुझे संभाला। एक तरह से मैं बच्ची बन गई थी और वे मेरे माता-पिता बन गए थे। मैं पूरी तरह टूट चुकी थी। मुझे कुछ समझ नहीं आता था। मैं सदमे में थी। उस समय राहुल और प्रियंका ने मुझे सहारा दिया। मैंने किताब में इस दौर के बारे में विस्तार से लिखा है।

संचालक: आपने एक राजनेता, पत्नी और बहू के रूप में अपने जीवन के बारे में काफी कुछ बताया है। लेकिन एक मां के रूप में आपकी जिंदगी के बारे में बहुत कम चर्चा हुई है। आपने बच्चों की परवरिश पहले प्रधानमंत्री आवास में की और फिर अकेले मां के रूप में उनकी जिम्मेदारी संभाली। राहुल और प्रियंका को बचपन से कई कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। उनके लिए यह सब कितना मुश्किल था?

सोनिया गांधी: उनके लिए बहुत मुश्किल था। मेरी सास की हत्या से करीब दो महीने पहले ही राहुल और प्रियंका को बोर्डिंग स्कूल से वापस बुलाना पड़ा था। सुरक्षा अधिकारियों का कहना था कि स्कूल का परिसर बहुत खुला है और वे बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर सकते। बच्चों को लेकर धमकियां मिल रही थीं। फिर दो महीने बाद उनकी दादी की हत्या हो गई। दोनों अपनी दादी से बहुत प्यार करते थे। यह उनके लिए बहुत बड़ा सदमा था। इसके बाद राजीव प्रधानमंत्री बने। सुरक्षा इतनी कड़ी हो गई कि एक तरह से हम कैदियों जैसी जिंदगी जीने लगे। राजीव और मैं फिर भी सुरक्षा के बीच बाहर जा सकते थे, लेकिन बच्चों के लिए ऐसा करना लगभग नामुमकिन था। राजीव के प्रधानमंत्री रहने के पांच वर्षों में वे बहुत कम घर से बाहर निकल पाए। उन्हें घर पर ही पढ़ाई करनी पड़ती थी। दोनों साथ पढ़ते थे। दूसरे बच्चों के साथ खेलने या मिलने का मौका बहुत कम मिलता था। कभी-कभी कुछ दोस्त घर आ जाते थे। एक तरफ दादी की हत्या का दुख था, दूसरी तरफ पिता प्रधानमंत्री बन गए थे और सुरक्षा की पाबंदियां थीं। राजीव चाहते थे कि मैं उनकी यात्राओं में साथ रहूं। मैं भी उनके साथ रहना चाहती थी। इसलिए शायद जिस समय बच्चों को हमारी सबसे ज्यादा जरूरत थी, उस समय हम उनके साथ बहुत कम रह पाए। हालांकि राजीव कोशिश करते थे कि रविवार का कम से कम पहला आधा दिन परिवार के लिए खाली रखें। उस समय हम सब साथ रहते थे। वह बहुत अच्छा समय होता था। लेकिन बाकी दिनों में बच्चे काफी हद तक अकेले रहते थे।

संचालक: राजीव गांधी की हत्या के बाद बच्चों की जिंदगी में क्या बदलाव आया?

सोनिया गांधी: राजीव की हत्या के कुछ महीने बाद राहुल को पढ़ाई के लिए विदेश जाना था। वह हार्वर्ड में पढ़ रहे थे, लेकिन वहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर परेशानी थी। कॉलेज प्रशासन सुरक्षा के ऐसे इंतजाम स्वीकार नहीं कर सकता था जिनसे दूसरे छात्रों को खतरा हो। इसलिए यहां और वहां के सुरक्षा अधिकारियों ने मिलकर दूसरे कॉलेज में उनके दाखिले की व्यवस्था की। वहां ज्यादातर अमेरिकी छात्र थे। राहुल को दूसरे नाम से पढ़ाई करनी पड़ी। उनके साथ पढ़ने वाले छात्रों को उनका असली नाम नहीं पता होना चाहिए था। मैं सोचती हूं कि उनके लिए दोस्त बनाना और लोगों से खुलकर बात करना कितना मुश्किल रहा होगा। वह अपने परिवार के बारे में भी नहीं बता सकते थे। प्रियंका भारत में ही रहीं। उन्होंने विदेश जाकर पढ़ाई करने से मना कर दिया। उन्होंने यहां कुछ पढ़ाई जारी रखी, लेकिन मुख्य रूप से वह मेरी देखभाल कर रही थीं। जैसा मैंने कहा, मैं बच्ची बन गई थी और मेरे बच्चे मेरे माता-पिता बन गए थे।

संचालक: आपने किताब में अपनी सेहत से जुड़ी परेशानियों का भी जिक्र किया है। आपने लिखा है कि 2010 में स्तन कैंसर की सर्जरी के लिए विदेश जाने का फैसला किया था, क्योंकि आप मीडिया की लगातार निगरानी से बचना चाहती थीं। आपने सवाल उठाया है कि क्या सार्वजनिक जीवन में आने का मतलब महिलाओं को अपनी निजी जिंदगी का अधिकार भी छोड़ देना चाहिए? महिला नेताओं की बीमारी या सार्वजनिक रूप से दुख व्यक्त करने को कई बार उनकी कमजोरी के रूप में पेश किया जाता है। आप इसे कैसे देखती हैं?

सोनिया गांधी: हां, मुझे यहां मीडिया की निगरानी को लेकर चिंता थी। लेकिन सिर्फ मुझे ही नहीं, मेरे डॉक्टरों को भी यही चिंता थी। उन्हें लगता था कि इलाज के दौरान मीडिया की मौजूदगी से परेशानी हो सकती है। इसलिए डॉक्टरों ने भी विदेश में इलाज कराने को बेहतर माना। जहां तक महिलाओं की बीमारी का सवाल है, यह बहुत गंभीर विषय है। जब मैं इटली में बड़ी हो रही थी, तब भी ऐसा होता था। अगर परिवार की किसी महिला को गंभीर बीमारी हो जाती थी तो बच्चों को उसके बारे में नहीं बताया जाता था। हमें कई बार बड़े होने के बाद पता चलता था। बीमारी को छिपाने की एक वजह यह भी होती थी कि कहीं उससे शादी की संभावनाओं पर असर न पड़े। ससुराल वाले सोच सकते थे कि महिला बीमार है। नौकरी के मामले में भी ऐसा होता था। बीमारी की वजह से नौकरी मिलने या नौकरी बचाए रखने में परेशानी हो सकती थी। यह बहुत दुखद है। मैंने किताब में इसलिए इसका जिक्र किया है, क्योंकि मेरा मानना है कि महिलाओं को ऐसी परिस्थितियों में मजबूत रहना चाहिए। लेकिन इसमें परिवार का सहयोग सबसे जरूरी है। महिला के मायके और ससुराल, दोनों परिवारों को उसका साथ देना चाहिए। बीमारी के समय समझ और सहारे की बहुत जरूरत होती है। मैं ऐसी कई महिलाओं को जानती हूं जिन्होंने अपनी बीमारी का खुलकर सामना किया। ठीक होने के बाद वे पहले से ज्यादा मजबूत होकर सामने आईं। कुछ महिलाएं अब अस्पतालों में जाकर कैंसर से जूझ रही दूसरी महिलाओं की मदद करती हैं। क्योंकि वे खुद जानती हैं कि बीमारी के दौरान किसी का साथ कितना मायने रखता है।

संचालक: अब फिर किताब के नाम Belonging पर लौटते हैं। आपकी किताब इस बात की भी कहानी है कि आपने भारत को किस तरह अपनाया। आपके विदेशी मूल को लेकर राजनीति में आप पर लगातार हमले होते रहे हैं। आप एक तरफ इस देश और परिवार का हिस्सा थीं, लेकिन दूसरी तरफ आपको बाहरी व्यक्ति के रूप में भी देखा जाता रहा। परिवार में तो आपको अपनापन मिल गया था, लेकिन पूरे भारत में आपको पहली बार कब महसूस हुआ कि लोग आपको अपना मानने लगे हैं?

सोनिया गांधी: पहली बार मुझे यह एहसास तब हुआ जब मैं अपने पति के निर्वाचन क्षेत्र में गई। गांव के लोग बहुत सीधे और खुले स्वभाव के होते हैं। शहर के लोगों के मुकाबले वे ज्यादा साफ-साफ बात करते हैं। उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता था कि मैं विदेशी हूं, मेरा बोलने का लहजा अलग है या मैंने साड़ी ठीक से पहनी है या नहीं। वैसे भी वहां की महिलाएं अलग तरीके से साड़ी पहनती थीं। उनके लिए जरूरी यह था कि मैं उनसे मिलने आई हूं, उनकी समस्याएं पूछ रही हूं और उनकी मदद करने की कोशिश कर रही हूं। हम गांवों में मेडिकल कैंप लगाते थे। उस समय ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं की हालत बहुत खराब थी। गांवों में जाकर गरीबी और लोगों की मुश्किल जिंदगी को करीब से देखने का मौका मिला। धीरे-धीरे जब मैं वहां के लोगों को जानने लगी, तो मुझे उनके बीच घर जैसा महसूस होने लगा। वे मुझे डांट भी देते थे। कभी मैं पूछती कि आप ऐसा क्यों कर रहे हैं, तो वे मुझे चुप रहने के लिए भी कह देते थे। मुझे यह बहुत अच्छा लगता था। मैं सोचती थी कि अब ये लोग मुझे डांट भी सकते हैं, इसका मतलब है कि वे मुझे अपने बीच का मानते हैं। यही मेरे लिए स्वीकार किए जाने का पहला अनुभव था। इसके बाद 2004 के लोकसभा चुनाव में जब हम जीते, तब भी मुझे लगा कि लोगों ने मुझे स्वीकार किया है। हमें अच्छी संख्या में वोट मिले थे। उस समय भी मुझे लगा कि मैं इस देश का हिस्सा हूं और लोगों ने मुझे अपनाया है।

संचालक: अब कुछ आखिरी सवाल। आपकी किताब का कौन-सा हिस्सा आपको सबसे ज्यादा पसंद है? आपने पहले इलाहाबाद की अपनी यात्रा का जिक्र किया था।

सोनिया गांधी: हां, 1970 में मैं अपनी सास के साथ पहली बार इलाहाबाद गई थी। मैं 1968 में भारत आई थी और दो साल बाद वहां जाने का मौका मिला। मैंने भारत के बारे में पढ़ना शुरू कर दिया था। जवाहरलाल नेहरू की किताबें भी पढ़ी थीं। आजादी के आंदोलन के बारे में मेरी सास भी मुझे बहुत सी कहानियां सुनाती थीं। वह बताती थीं कि किस साल क्या हुआ, किसने क्या किया और परिवार ने किन परिस्थितियों का सामना किया। लेकिन जब मैं इलाहाबाद के उस घर में गई, तब मुझे स्वतंत्रता आंदोलन को बेहतर ढंग से समझने का मौका मिला। मेरी सास मुझे घर के हर कमरे में ले गईं। उन्होंने बताया कि यहां क्या हुआ था और वहां कौन-सी घटना हुई थी। स्वराज भवन में एक बड़ा आंगन था। उन्होंने बताया कि विदेशी कपड़ों के बहिष्कार के दौरान परिवार के लोगों और रिश्तेदारों ने वहां विदेशी कपड़ों का बड़ा ढेर लगाया था और उन्हें जला दिया था। जब आप ऐसी जगह को अपनी आंखों से देखते हैं तो इतिहास ज्यादा अच्छी तरह समझ में आता है। सिर्फ किताब पढ़ने से वैसा अनुभव नहीं होता। फिर उन्होंने मुझे एक कमरा दिखाया जहां मोतीलाल नेहरू और उनके सहयोगियों ने नेहरू रिपोर्ट तैयार की थी। उस रिपोर्ट के कुछ विचारों का बाद में संविधान निर्माण के दौरान भी महत्व रहा। उन्होंने वह जगह भी दिखाई जहां महिलाएं नमक बनाया करती थीं। इन सब बातों ने मुझे बहुत प्रभावित किया।

संचालक: उस यात्रा की कौन-सी बात आपके मन में सबसे ज्यादा रह गई?

सोनिया गांधी: उस यात्रा की एक घटना मैं कभी नहीं भूल सकती। हम जवाहरलाल नेहरू के शयनकक्ष में गए थे। वहां एक ड्रेसिंग रूम था और उसमें कुछ अलमारियां रखी थीं। वहां के देखरेख करने वाले व्यक्ति ने एक अलमारी खोली। उसमें पुराने कागज, तस्वीरें और एल्बम रखे थे। वहीं तीन छोटे धातु के डिब्बे भी थे। मेरी सास ने बताया कि उनमें परिवार के दिवंगत सदस्यों की अस्थियां रखी थीं। इनमें उनके पिता, दादा और कमला नेहरू से जुड़ी अस्थियां थीं। मुझे यह जानकर हैरानी हुई। हिंदू परंपरा में आमतौर पर अस्थियां इस तरह लंबे समय तक घर में नहीं रखी जातीं। मेरी सास ने कहा कि शायद परिवार के लोग अपने प्रियजनों की कोई निशानी अपने पास रखना चाहते थे। लेकिन अब ये अस्थियां काफी समय से यहां रखी थीं। उन्होंने राजीव, संजय और मुझसे कहा कि हम इन्हें गंगा में विसर्जित कर दें। हम नाव से त्रिवेणी तक गए और वहां अस्थियों का विसर्जन किया। वह मेरे लिए बहुत भावुक क्षण था। बाद में जब मैंने इसके बारे में सोचा तो मुझे एहसास हुआ कि मेरी सास ने मुझे परिवार के इतने निजी काम में शामिल किया था। शायद वह मुझे यह एहसास दिलाना चाहती थीं कि अब मैं भी इस परिवार का हिस्सा हूं। वह मेरे लिए बहुत खास अनुभव था।

संचालक: अब आखिरी सवाल। आपने अपनी राजनीतिक गतिविधियां पहले के मुकाबले कम कर दी हैं। आज के युवा भारत और भारतीय राजनीति को किस तरह देखते हैं? आप नई पीढ़ी को क्या सलाह देना चाहेंगी?

सोनिया गांधी: युवा इस देश का भविष्य हैं। मेरा मानना है कि ज्यादा से ज्यादा युवाओं को आगे आकर राजनीति में शामिल होना चाहिए। मैं सचमुच ऐसा मानती हूं। अभी हमने देखा कि अलग-अलग समूहों के युवा एक साथ आए। कुछ कांग्रेस से जुड़े थे, कुछ जेनरेशन जेड यानी Gen Z से और कुछ दूसरे समूहों से। वे अपने अधिकारों की मांग के लिए एकजुट हुए। यह बहुत उत्साह बढ़ाने वाली बात है। मुझे लगता है कि युवाओं को सलाह देने के बजाय हमें उनसे सलाह लेनी चाहिए। क्योंकि वे हमारे देश का भविष्य हैं। वे आज की परिस्थितियों को हमसे बेहतर समझते हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories