छत्तीसगढ़ में पटवारियों के समर्थन में उतरे कर्मचारी-अधिकारी, 18 नवंबर को प्रदेशभर में आक्रोश रैली

रायपुर । छत्तीसगढ़ में पटवारियों के आंदोलन और कर्मचारियों के लंबित महंगाई भत्ते के मुद्दे पर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार पर दबाव बनाने के लिए फेडरेशन ने व्यापक स्तर पर आंदोलन की रूपरेखा तैयार की है, जिसके तहत आने वाले दिनों में कई बड़े प्रदर्शन किए जाएंगे।

फेडरेशन की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों के अनुसार आगामी 18 नवंबर को प्रदेश के सभी जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में आक्रोश रैली निकाली जाएगी। इस रैली का मुख्य उद्देश्य पटवारियों के चल रहे आंदोलन का पुरजोर समर्थन करना और शासकीय सेवकों के रुके हुए तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते की मांग को सरकार तक पहुंचाना है।

रैली के समापन के बाद सभी जिलों में कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके साथ ही फेडरेशन का एक प्रतिनिधिमंडल सीधे मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा। इस मुलाकात के दौरान पटवारियों पर की गई सभी दंडात्मक कार्रवाइयों को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने और उनकी अन्य जायज मांगों का जल्द से जल्द समाधान करने की मांग रखी जाएगी।

कर्मचारियों की मुख्य मांगों में यह भी शामिल है कि शासकीय सेवकों को उनका लंबित तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता देय तिथि से लेकर पूरे एरियर्स यानी बकाए के साथ प्रदान किया जाए। फेडरेशन ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय के भीतर इन मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है, तो संगठन अगले चरण में एक दिन का बड़ा प्रदेशव्यापी आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now