रायपुर में गंदगी पर नगर निगम के दो अधिकारियों को नोटिस, तीन दिन में मांगा जवाब

रायपुर। राजधानी रायपुर (Raipur) में सफाई व्यवस्था को लेकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने नगर निगम के दो अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इनमें नगर निगम के उपायुक्त और सफाई प्रभारी जसदेव बाबरा तथा जोन क्रमांक-4 की आयुक्त दिव्या चन्द्रवंशी शामिल हैं। विभाग ने शहर में जगह-जगह फैली गंदगी और सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होने के लिए दोनों अधिकारियों को प्रथम दृष्टया जिम्मेदार मानते हुए तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा है।

बार-बार निर्देश के बाद भी सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं

विभाग की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि समीक्षा बैठकों में शहर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश लगातार दिए जाते रहे हैं। इसके बावजूद अधिकारियों की कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

नोटिस में समाचार पत्रों में लगातार प्रकाशित हो रही गंदगी से जुड़ी खबरों का भी जिक्र किया गया है। विभाग के मुताबिक, शहर में सफाई की खराब स्थिति से नगर निगम और राज्य सरकार की छवि प्रभावित हो रही है। साथ ही संबंधित अधिकारियों के कामकाज पर भी सवाल उठ रहे हैं।

निगम आयुक्त के माध्यम से देना होगा जवाब

दोनों अधिकारियों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 और छत्तीसगढ़ नगरपालिक निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सेवा शर्तों से जुड़े नियम, 2018 के तहत नोटिस जारी किया गया है।

अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर नगर निगम आयुक्त के माध्यम से अपना लिखित जवाब देना होगा। निगम आयुक्त दोनों के जवाब की जांच कर अपनी टिप्पणी के साथ नगरीय प्रशासन संचालनालय को भेजेंगे।

जवाब नहीं देने पर एकतरफा कार्रवाई की चेतावनी

विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर माना जाएगा कि संबंधित अधिकारियों को अपने बचाव में कुछ नहीं कहना है। ऐसी स्थिति में उपलब्ध तथ्यों के आधार पर नियमानुसार एकतरफा कार्रवाई की जा सकती है।

रायपुर में सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। अब दोनों अधिकारियों के जवाब मिलने के बाद विभाग आगे की कार्रवाई पर फैसला करेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now