लेंस डेस्क। मणिपुर में लंबे समय से जारी अशांति के बीच अब नए मुख्यमंत्री का चयन हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने अपनी विधायक दल की बैठक में युमनाम खेमचंद सिंह को विधायक दल का नेता चुना है, जिसके बाद वे राज्य के अगले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।
यह बैठक दिल्ली में हुई, जिसमें बीजेपी के वरिष्ठ नेता संबित पात्रा (उत्तर-पूर्व समन्वयक), अजीत गोपछड़े (मणिपुर प्रभारी) और तरुण चुघ (पर्यवेक्षक) जैसे पदाधिकारी मौजूद थे।
पिछले साल फरवरी में एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद केंद्र ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया था, जो अब 12 फरवरी को समाप्त होने वाला है। 60 सदस्यीय विधानसभा (जिसका कार्यकाल 2027 तक है) निलंबित रही है। बीजेपी के पास 37 विधायक हैं, जबकि एनडीए सहयोगी एनपीपी (6) और एनपीएफ (5) के साथ तीन निर्दलीय भी समर्थन दे रहे हैं।
युमनाम खेमचंद सिंह के बारे में जानिए
वे सिंगजामेई विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और मणिपुर की राजनीति में काफी अनुभवी माने जाते हैं। उन्होंने पहले विधानसभा स्पीकर के पद पर काम किया, जहां उनकी निष्पक्ष छवि काफी सराही गई। वर्तमान में वे ग्रामीण विकास, पंचायती राज और अन्य महत्वपूर्ण विभागों के मंत्री रह चुके हैं।
राजनीति में आने से पहले वे ताइक्वांडो के कुशल खिलाड़ी थे और राज्य में इस खेल को बढ़ावा देने में सक्रिय भूमिका निभाई। उनकी शांत प्रकृति, प्रशासनिक समझ और विभिन्न समुदायों से जुड़ाव की वजह से बीजेपी ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।











