रीवा में तेज रफ्तार ऑडी का कहर, शादी का न्योता देने निकले परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत

February 8, 2026 1:16 PM

MP NEWS मध्य प्रदेश के रीवा जिले में शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार ऑडी कार ने बाइक सवार एक परिवार के तीन सदस्यों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा रीवा-रायपुर मार्ग पर कोष्टा गांव के पास रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र में हुआ।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह टूट गई और तीनों लोग हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतकों में पिता भागवत विश्वकर्मा, उनका छोटा बेटा शिवम विश्वकर्मा और रिश्तेदार शीतल विश्वकर्मा (भांजी) शामिल हैं। तीनों एक ही परिवार से थे।परिवार में खुशियों का माहौल था क्योंकि भागवत विश्वकर्मा के बड़े बेटे शुभम की शादी 25 फरवरी को तय थी। वे शादी का न्योता बांटने या पहला कार्ड भगवान को चढ़ाने निकले थे। भांजी शीतल को भी साथ लेकर घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। जिस घर में शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब मातम छा गया है।

कार प्रयागराज से रीवा की ओर आ रही थी और उसमें सवार चार युवक एयरबैग के कारण सुरक्षित बच गए।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ड्राइवर को हिरासत में लिया है। यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही की वजह से हुआ बताया जा रहा है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now