लेंस न्यूज । महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल के नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (NICU) में सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे अचानक आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई। अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित इस यूनिट में उस समय कुल 39 बच्चे भर्ती थे। आग लगते ही धुआं तेजी से फैलने लगा। डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्टाफ ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और कई बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
पुलिस आयुक्त राकेश ओला के अनुसार, NICU के तीन हिस्सों में से एक में नौ नवजात थे। इनमें से तीन बच्चों की जान चली गई, जबकि शेष छह बच्चों को इलाज के लिए अन्य जगह शिफ्ट किया गया है। इन छह बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रारंभिक जांच में वेंटिलेटर मशीन के अंदर हुए धमाके को आग का संभावित कारण बताया जा रहा है।
पुलिस और प्रशासन घटना की पूरी जांच कर रहे हैं। आग से कई महत्वपूर्ण चिकित्सा उपकरण जल गए।
NICU में लगे एयर कंडीशनर भी क्षतिग्रस्त पाए गए हैं, जिनमें ब्लास्ट की आशंका जताई जा रही है। यह घटना ऐसे समय हुई है जब दो दिन पहले मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिला अस्पताल की NICU में भी इसी तरह की आग लगी थी, जिसमें एक बच्चे की मौत हो गई थी।
इस साल देश के विभिन्न अस्पतालों में आग की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें मुजफ्फरपुर, कटक, कानपुर और नागपुर शामिल हैं। अमरावती प्रशासन ने हादसे के कारणों की गहन जांच का आश्वासन दिया है।










