कोलकाता। बंगाल में विधानसभा चुनावी माहौल के बीच प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू की है। ED की टीम ने कोलकाता पुलिस के डीसीपी शांतनु सिन्हा बिस्वास के दो ठिकानों और व्यवसायी जय कामदार के एक ठिकाने पर रेड की। कोयला तस्करी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच में डीसीपी शांतनु बिस्वास का नाम सामने आने के बाद ED ने उन्हें पहले तलब भी किया था।
छापे की कार्रवाई शुक्रवार को हुई, जिसमें ED की टीम शांतनु बिस्वास के आवास और अन्य संबंधित स्थानों पर पहुंची। व्यवसायी जय कामदार के बेहला स्थित घर पर ताला लगा होने और अंदर कुत्ता होने के कारण ED की टीम को लगभग 40 मिनट तक बाहर इंतजार करना पड़ा। इस समय दोनों ठिकानों पर ED की टीम सबूतों की तलाश में जुटी हुई है। यह कार्रवाई कोयला तस्करी और इससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के बड़े मामले का हिस्सा बताई जा रही है। बंगाल में चुनाव नजदीक आने के साथ ED की यह रेड काफी चर्चा में है। फिलहाल ED की टीम दोनों जगहों पर रेड जारी रखे हुए है।











