महुआ मोइत्रा का दावा, बंकुड़ा में केंद्रीय जवान BJP झंडे लेकर घूमते दिखे

March 25, 2026 4:27 PM

तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा (Mahua Moitra) ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर कर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि बंकुड़ा में एक केंद्रीय बल का जवान (uniformed jawan) BJP के झंडे लेकर चल रहा था जो एक BJP विधायक की आधिकारिक गाड़ी (WB-23C-4076) के पास खड़ी थी। मोइत्रा ने ट्वीट में पूछा ‘क्या गृह मंत्रालय केंद्रीय बलों की हजारों कंपनियां बंगाल भेज रहा है ताकि वे BJP नेताओं के कूलियों का काम करें?’ उन्होंने लिखा, ‘हमारे बहादुर जवानों को इस तरह शर्मिंदा न करें।’ तस्वीर में एक जवान सफेद और नारंगी BJP झंडे लेकर खड़ा दिख रहा है जबकि पास में एक सफेद SUV खड़ी है।

क्या है आरोप-प्रत्यारोप

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर चुनाव आयोग ने राज्य में भारी सुरक्षा व्यवस्था की है। चुनाव आयोग और गृह मंत्रालय के अनुसार, 480 कंपनियां केंद्रीय बल (CRPF, BSF, CISF आदि) पहले ही भेजी जा चुकी हैं और कुल 2200-2400 कंपनियां हर चरण में तैनात करने की योजना है। यह तैनाती चुनावी हिंसा रोकने और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है।अभी तक इस घटना की कोई आधिकारिक पुष्टि या जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है। विपक्षी दलों ने पहले भी केंद्रीय बलों के दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं, जबकि BJP ने ऐसे आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया है।

पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है। केंद्रीय बलों की तैनाती को लेकर TMC और BJP दोनों ही पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। क्या यह वाकई केंद्रीय बलों का दुरुपयोग है या चुनावी प्रचार का हिस्सा? जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now