नई दिल्ली। लोकसभा में पेपर लीक संशोधन विधेयक पर हुई बहस के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भाषण को लेकर विवाद गहरा गया है। भाजपा सांसद Anurag Thakur ने गुरुवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का नोटिस सौंपा है।
तीन पन्नों के नोटिस में अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने 29 जुलाई को एंटी पेपर लीक संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया तथा गंभीर और बेबुनियाद आरोप लगाए।
भाजपा सांसद ने स्पीकर से मांग की है कि इस मामले को लोकसभा की विशेषाधिकार समिति को भेजा जाए, ताकि इसकी विस्तृत जांच कर उचित कार्रवाई की जा सके। नोटिस में यह भी मांग की गई है कि राहुल गांधी को सदन और गृह मंत्री अमित शाह से बिना शर्त माफी मांगने का निर्देश दिया जाए।
नियम 352 के उल्लंघन का आरोप
अनुराग ठाकुर ने अपने नोटिस में कहा है कि राहुल गांधी ने छात्रों के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए सदन में जिन शब्दों और उदाहरणों का इस्तेमाल किया, वह लोकसभा के नियम 352 के प्रावधानों के विपरीत है। उनका आरोप है कि राहुल गांधी ने अपने भाषण में ‘इडियट’ और ‘अंधभक्त’ जैसे शब्दों का प्रयोग कर सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाई और सदन की अवमानना की।
भाषण के बाद बढ़ा था विवाद
लोकसभा में पेपर लीक संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी के भाषण को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी। राहुल गांधी के कुछ शब्दों पर भाजपा सांसदों ने कड़ा विरोध जताया था, जबकि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने उन टिप्पणियों को असंसदीय बताते हुए कार्यवाही से हटाने की मांग की थी। अब इसी मामले को लेकर भाजपा ने औपचारिक रूप से विशेषाधिकार हनन का नोटिस देकर कार्रवाई की मांग की है।









