भैरमगढ़ अभयारण्य क्षेत्र में मिला तेंदुए का शव, शरीर पर चोट के निशान

August 29, 2025 3:12 PM
Leopard dead body

बीजापुर। भैरमगढ़ अभयारण्य में एक तेंदुए का शव मिला है, जिसे वन विभाग के कर्मचारियों ने बरामद कर लिया है। नेशनल हाईवे माटवाड़ा से सटे अभयारण्य की पहाड़ी पर यह शव पाया गया।

ग्रामीणों ने शव देखने के बाद वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेंदुआ कई दिनों से घायल था, जिसके कारण उसकी मृत्यु हो गई।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पिछले चार दिनों से तेंदुआ जंगल की घनी झाड़ियों में दर्द से कराह रहा था। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई थी, लेकिन ग्रामीणों ने इसे किसी पालतू कुत्ते की कराहट समझकर अनदेखा कर दिया। यदि समय रहते तेंदुए को बेहोश करके उपचार किया जाता, तो शायद उसे बचाया जा सकता था।

इंद्रावती टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर संदीप बलगा ने बताया कि तेंदुए के शव को बरामद कर जांच की जा रही है। शव पर चोट के निशान हैं, जो संभवतः तेंदुओं के आपसी संघर्ष के कारण हुए हैं। माटवाड़ा क्षेत्र में तेंदुए सक्रिय हैं। घाव कुछ समय पुराने प्रतीत हो रहे हैं। जांच के बाद शव का पोस्टमॉर्टम किया जा रहा है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories