छत्तीसगढ़। राजधानी रायपुर के डॉ. भीमराव (Ambedkar Hospital) की इमरजेंसी वार्ड में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक एयर कंडीशनर (एसी) में धमाके के साथ आग लग गई। देखते ही देखते पूरे इमरजेंसी परिसर में धुआं फैल गया, जिससे मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल स्टाफ ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया। कई मरीजों को गोद में उठाकर और स्ट्रेचर की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। अस्पताल प्रशासन ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया।
हालांकि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है, लेकिन इमरजेंसी वार्ड और आसपास के हिस्सों में धुआं फैला हुआ है। दमकल और अस्पताल की टीम धुएं को बाहर निकालने और स्थिति को सामान्य करने में जुटी हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह एसी में तकनीकी खराबी बताई जा रही है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी मरीजों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया गया है।
फिलहाल अस्पताल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।











