Ketan Agrawal Murder Case: महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस ने रविवार को लोहागढ़ किले पर क्राइम सीन रीक्रिएशन किया। आरोपी सिया गोयल ने पुलिस के सामने पूरी घटना का बयान दिया और बताया कि कैसे उसके प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर उन्होंने केतन को खाई में धक्का दिया। पुलिस सुबह करीब 7 बजे सिया गोयल को लोहागढ़ किले ले गई। साथ में केतन के वजन के बराबर का फाइबर का डमी (पुतला) भी लिया गया। सिया की मौजूदगी में पुलिस ने पूरी घटना दोहराई और हर हिस्से की वीडियो रिकॉर्डिंग की। यह रिकॉर्डिंग कोर्ट में मजबूत सबूत के रूप में पेश की जाएगी।
सिया ने बताया प्लान क्या था
सिया गोयल के अनुसार, तय प्लान यह था कि वह किले की ऊंचाई पर जाकर जूतों के फीते बांधने का नाटक करेगी। जैसे ही वह झुकेगी, चेतन पीछे से आकर केतन को धक्का देगा। प्लान के मुताबिक चेतन ने केतन को पीछे से धक्का दिया, जिससे केतन संतुलन खोकर करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गया।
घटना 18 जून को हुई थी। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों ने हत्या से पहले गूगल पर कई सर्च किए थे। इनमें ‘लोहागढ़ किले का डेथ पॉइंट’,’जहर देकर मारने का तरीका’, ‘पुलिस को शक न हो’, ‘वॉट्सएप मैसेज डिलीट कैसे करें’ जैसे सवाल शामिल थे।
हत्या की वजह क्या थी?
जांच के अनुसार, सिया गोयल केतन से होने वाली शादी नहीं करना चाहती थी। नवंबर में तय शादी रद्द करने की बजाय उन्होंने केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। सिया का चेतन चौधरी से अफेयर चल रहा था। पूछताछ में सिया ने बताया कि उसे केतन का विग लगाना और हकलाना पसंद नहीं था। पुलिस का दावा है कि सिया जांच में सहयोग कर रही है। उसकी रिमांड 29 जून को पूरी हो रही है। सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस की तैयारी और सबूत
पुलिस ने केतन के समान वजन का डमी बनाकर घटना दोहराई। चेतन की बाइक, हुडी, हेडफोन और अन्य सामान जब्त कर लिए गए हैं। दोनों के मोबाइल की फॉरेंसिक जांच चल रही है। डिलीट किए गए मैसेज रिकवर करने की कोशिश की जा रही है। सिया और चेतन के बीच जनवरी से हत्या वाले दिन तक सैकड़ों घंटों की बातचीत हुई थी।
परिवार की मांग
केतन के परिवार ने दोनों आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है। केतन की मां राखी अग्रवाल ने कहा, ‘मैं एक मां हूं और सिया की भी मां हूं, लेकिन न्याय चाहिए। दोनों को फांसी मिलनी चाहिए।’ केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने बताया कि घटना वाले दिन ही सिया पर शक हो गया था। परिवार ने CCTV फुटेज देखे और पुलिस को सूचना दी। उन्होंने कहा, ‘मेरा बेटा बिना किसी गलती के मारा गया।’
घटना से पहले की कोशिशें
पुलिस जांच के मुताबिक यह पहली कोशिश नहीं थी।14 जून को सिया ने केतन को धक्का दिया था, लेकिन केतन पेड़ का सहारा लेकर बच गया। सिया ने बाद में कहा कि सांप देखकर बचाने के लिए धक्का दिया था। 18 जून को तीसरी कोशिश में चेतन के साथ मिलकर सफल हुए।
सिया-चेतन की मुलाकात क्रिकेट मैच के दौरान हुई थी। दोनों महाराष्ट्र क्रिकेट लीग का मैच देखते हुए एक वीडियो भी सामने आया है। पुणे ग्रामीण पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। DSP गजानन टोंपे ने कहा कि सिया के बताए अनुसार पूरा सीन रीक्रिएट किया गया।











