रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में उस वक्त बड़ा भूचाल आ गया, जब जैजैपुर से कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू (Baleshwar Sahu) को पुलिस ने केसीसी ऋण के नाम पर 42 लाख 78 हजार रुपये की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार कर लिया। जिला न्यायालय के आदेश पर विधायक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
यह मामला फरसवानी निवासी राजकुमार शर्मा की शिकायत पर दर्ज हुआ था। शिकायत के मुताबिक, बालेश्वर साहू पर आरोप है कि उन्होंने जिला सहकारी समिति बम्हनीडीह में प्रबंधक रहते हुए बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता और धोखाधड़ी की।
पुलिस जांच में सामने आया है कि शिकायतकर्ता के नाम पर KCC (किसान क्रेडिट कार्ड) ऋण स्वीकृत कराया गया, लेकिन उसकी रकम चांपा स्थित बैंक खाते में खुलवाकर ब्लैंक चेक के जरिए ट्रांसफर कर ली गई। आरोप है कि इस प्रक्रिया में फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठा निशान लगाकर 42.78 लाख रुपये की राशि निकाली गई।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने पर्याप्त सबूत होने की बात कहते हुए विधायक को गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।








