खामेनेई का दावा दुश्मन को हराया, ट्रम्प ने NATO देशों को कहा कायर

Iran-Israel-US War: मध्य पूर्व में चल रहे तनावपूर्ण युद्ध में नए मोड़ आते दिख रहे हैं। ईरान के सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई ने नौरोज (फारसी नववर्ष) के अवसर पर जारी एक लिखित संदेश में दावा किया है कि अमेरिका और इजराइल के साथ जारी संघर्ष में दुश्मन को हार का सामना करना पड़ा है।खामेनेई ने कहा कि दुश्मन को उम्मीद थी कि उनके हमलों से ईरानी जनता में डर फैलेगा और लोग सरकार के खिलाफ खड़े हो जाएंगे। उन्होंने माना,’मुझे लगा था कि कुछ दिनों के हमलों के बाद देश में निराशा और डर छा जाएगा, लेकिन यह मेरा बड़ा गलत अनुमान था।’ इसके बजाय, उन्होंने बताया कि देश में विभिन्न विचारधाराओं और मतभेदों के बावजूद अभूतपूर्व एकता दिखी है। इसी एकता के कारण दुश्मन अपने लक्ष्यों में असफल रहा और उसके अपने खेमे में दरार आ गई।

दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान के साथ युद्ध में किसी भी सीजफायर (युद्धविराम) से इनकार कर दिया है। मीडिया से बातचीत में ट्रम्प ने कहा, ‘जब आप दूसरे पक्ष को पूरी तरह तबाह कर रहे होते हैं, तो सीजफायर नहीं किया जाता।’ उन्होंने दावा किया कि अमेरिका इस युद्ध में बढ़त बना चुका है और फिलहाल इसे रोकने का कोई इरादा नहीं है।

ट्रम्प ने NATO सहयोगी देशों पर भी कड़ा हमला बोला। उन्होंने उन्हें कायर करार दिया और कहा कि अमेरिका के बिना NATO सिर्फ पेपर टाइगर है। ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में ट्रम्प ने लिखा कि NATO देश न्यूक्लियर ताकत वाले ईरान को रोकने की लड़ाई में शामिल नहीं हुए। अब जब यह लड़ाई सैन्य रूप से जीत ली गई है, तो वे तेल की ऊंची कीमतों की शिकायत कर रहे हैं। उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने के लिए सैन्य मदद का जिक्र करते हुए कहा कि यह आसान कदम है जिसमें कम जोखिम है लेकिन सहयोगी देश इसमें भी पीछे हट रहे हैं। ट्रम्प ने चेतावनी दी, ‘वे कायर हैं और हम इसे याद रखेंगे।’

युद्ध के मानवीय नुकसान पर चिंता बढ़ रही है। अमेरिका स्थित मानवाधिकार समूह HRANA की एक रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी से शुरू हुए अमेरिका-इजराइल हमलों में अब तक 3,220 से ज्यादा ईरानी मारे गए हैं। इनमें 1,398 आम नागरिक शामिल हैं, जिनमें 210 बच्चे भी हैं। बाकी में 1,165 सैन्य कर्मी और 657 अन्य लोग शामिल बताए गए हैं। हालांकि, ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के आधिकारिक आंकड़ों में मौतों की संख्या 1,444 और घायलों की 18,551 बताई गई है। तेहरान में शनिवार सुबह कई धमाकों की खबरें आईं। ईरानी मीडिया के अनुसार, राजधानी में आजाद टॉवर के पास भी विस्फोट सुने गए। फिलहाल हताहत या नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now