स्कूल में घुसकर महिला टीचर की गोली मारकर हत्या, फिर हमलावर ने खुद को भी मारी गोली

Uttar Pradesh। सोमवार सुबह स्कूल (School) में बच्चे परीक्षा दे रहे थे और कक्षाएं चल रही थीं। इसी दौरान एक युवक बैग में तमंचा लेकर स्कूल के अंदर पहुंचा। दूसरी मंजिल पर पढ़ा रही 26 साल की शिक्षिका निशात फातिमा को उसने बाहर बुलाया। दोनों के बीच कुछ देर कहासुनी हुई और इसके बाद युवक ने बेहद करीब से फातिमा पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह वहीं गिर गईं। इसके बाद युवक ने उसी तमंचे से खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना लखीमपुर खीरी के सदर कोतवाली क्षेत्र में शाहपुरा कोठी स्थित चिल्ड्रन्स एकेडमी स्कूल की है। पुलिस के मुताबिक, मृतक युवक की पहचान 28 वर्षीय मोहम्मद सऊद अंसारी के रूप में हुई है। वह नौरंगाबाद इलाके का रहने वाला था। वहीं निशात फातिमा हिदायत नगर की रहने वाली थीं और करीब एक साल से इसी स्कूल में पढ़ा रही थीं। पुलिस का कहना है कि दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे। शुरुआती जांच में किसी निजी विवाद की बात सामने आई है, लेकिन गोली चलाने की असली वजह अभी साफ नहीं है।

गोली चलने की आवाज सुनते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। बच्चे डर गए और कर्मचारी दौड़कर मौके पर पहुंचे। स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और मौके को घेरकर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों ने स्कूल के कर्मचारियों से पूछताछ की और घटनास्थल का जायजा लिया। जिस समय वारदात हुई, उस समय स्कूल में करीब 350 बच्चे मौजूद थे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी और के घायल होने की खबर नहीं है।

पुलिस के मुताबिक, सऊद सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे स्कूल पहुंचा था। वह फातिमा से मिलने की बात कहकर उनके साथ ऊपर गया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई और उसने तमंचा निकालकर फायर कर दिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह हथियार लेकर स्कूल के अंदर कैसे पहुंचा और दोनों के बीच ऐसा क्या हुआ कि बात गोलीबारी तक पहुंच गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की सही वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। साथ ही स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है। घटना ने स्कूल परिसर में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now