दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व गृह मंत्री की बेटी समेत तीन की मौत

Indore Accident

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के रालामंडल के पास बाईपास पर तेज रफ्तार नेक्सन कार खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में कार सवार चार युवाओं में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है।

हादसे में पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर कासलीवाल और मनसिंधु की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं अनुष्का नामक युवती गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सभी दोस्त प्रखर कासलीवाल का जन्मदिन मनाकर पार्टी से घर लौट रहे थे। तेजाजी नगर बाईपास पर तेज रफ्तार के कारण कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार पीछे से सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शवों को बाहर निकालने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

सूचना मिलते ही तेजाजी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है, जिसमें तेज रफ्तार और सड़क पर खड़े ट्रक की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन और कांग्रेस प्रवक्ता आनंद कासलीवाल एमवाय अस्पताल पहुंचे। हादसे में तीन की मौत होने से इंदौर में शोक की लहर है।

यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ के जांजगीर में भीषण सड़क हादसा, सेना के दो जवानों सहित 5 की मौत

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories