बिहार में NSUI के संगठनात्मक चुनाव शुरू, 100 दिनों में ऑनलाइन चुने जाएंगे छात्र नेता

हाजीपुर। कांग्रेस के छात्र संगठन नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने बिहार में संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हाजीपुर के होटल शिव में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संगठन के पदाधिकारियों ने चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी। अगले 100 दिनों के भीतर कॉलेज, विश्वविद्यालय, जिला और प्रदेश स्तर पर चुनाव कराए जाएंगे। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी, जिसमें 16 से 27 साल के छात्र हिस्सा ले सकेंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में NSUI के मुख्य चुनाव आयुक्त केके शास्त्री और प्रदेश रिटर्निंग ऑफिसर अनूप वर्मा मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि चुनाव का उद्देश्य संगठन में सक्रिय छात्र कार्यकर्ताओं को नेतृत्व का अवसर देना और संगठन के भीतर लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करना है।

पहले कॉलेज और विश्वविद्यालय, फिर जिला और प्रदेश के चुनाव

संगठनात्मक चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण में कॉलेज और विश्वविद्यालय इकाइयों के पदाधिकारी चुने जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण में जिला और प्रदेश स्तर के चुनाव होंगे। पूरी प्रक्रिया को 100 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

चुनाव में भाग लेने के लिए छात्रों को ‘With NSUI’ ऐप के जरिए सदस्यता लेनी होगी। इसी ऐप से मतदान और चुनाव संबंधी अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जा सकेंगी। सदस्यता के लिए कॉलेज का पहचान पत्र और आधार कार्ड जैसे दस्तावेज अपलोड करने होंगे। संगठन की ओर से तीन साल की सदस्यता के लिए 45 रुपये शुल्क बताया गया है।

सक्रिय छात्र कार्यकर्ताओं को नेतृत्व देने पर जोर

मुख्य चुनाव आयुक्त केके शास्त्री ने कहा कि संगठनात्मक चुनाव के जरिए जमीनी स्तर पर काम करने वाले छात्र कार्यकर्ताओं को आगे आने का मौका मिलेगा। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी रखने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था अपनाई गई है।

प्रदेश रिटर्निंग ऑफिसर अनूप वर्मा ने कहा कि संगठन की मजबूती उसके कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर निर्भर करती है। चुनाव के जरिए छात्रों को अपने प्रतिनिधि चुनने का अवसर मिलेगा।

छात्रों से संगठन से जुड़ने की अपील

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष रंजीत पंडित सहित युवा कांग्रेस और NSUI के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने छात्रों से संगठनात्मक चुनाव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति में संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक न्याय के मुद्दों को आगे बढ़ाने की जरूरत है।

NSUI देशभर में संगठनात्मक चुनाव की व्यवस्था को दोबारा सक्रिय करने की दिशा में काम कर रही है। बिहार में शुरू हुई यह प्रक्रिया भी उसी अभियान का हिस्सा है। संगठन का दावा है कि इससे छात्र कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ेगी और नेतृत्व चुनने में उन्हें सीधी भूमिका मिलेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now