पाक को हराकर रिकॉर्ड 9वीं बार एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम ने AI ट्रॉफी के साथ मनाया जश्न

September 29, 2025 10:07 PM

स्पोर्ट्स डेस्क। क्रिकेट के मैदान पर भारत-पाकिस्तान की जंग हमेशा दिलचस्प रही है, लेकिन आज एशिया कप 2025 के फाइनल में भारतीय टीम ने एक बार फिर इतिहास रच दिया। इसके साथ ही भारतीय टीम ने AI ट्रॉफी के साथ जश्न मनाकर एक और इतिहास भी रच दिया।

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में भारत ने तिलक वर्मा के नाबाद 69 रनों की बदौलत पाकिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया।

भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और पाकिस्तान को महज 146 रनों पर समेट दिया। फिर, टॉप ऑर्डर के जल्दी आउट होने के बावजूद तिलक वर्मा की शानदार नाबाद 69 रनों की पारी ने भारत को 19.4 ओवर में 5 विकेट से जीत दिला दी। यह भारत की एशिया कप इतिहास में नौवीं ट्रॉफी है, जो किसी भी टीम का रिकॉर्ड है।

पाकिस्तान की पारी की शुरुआत शानदार रही। साहिबजादा फरहान (57) और फखर जमान (46) ने तीसरे विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी कर टीम को मजबूत आधार दिया। लेकिन इसके बाद भारतीय स्पिनरों ने कमाल कर दिया। कुलदीप यादव ने 4 विकेट झटके, वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह ने 2-2 विकेट लिए।

पाकिस्तान ने 113 रनों तक सिर्फ 2 विकेट खोए थे, लेकिन उसके बाद 33 रनों के अंदर 8 विकेट गिर गए। फहीम अशरफ (20*) ने कुछ हद तक स्कोर को संभाला, लेकिन यह लक्ष्य भारत के लिए आसान साबित हुआ।

147 रन का पीछा करने उतरी भारत ने 20 रन पर ही 3 विकेट गवां दिए। शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा और कप्तान सूर्यकुमार यादव जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद तिलक वर्मा ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने संजू सैमसन (24) के साथ मिलकर 57 रनों की साझेदारी की और टीम को संभाला। टीम के 77 रन के स्कोर पर संजू के आउट होने के बाद शिवम दुबे (33) के साथ 50 रनों की अहम साझेदारी की।

अंत में रिंकू सिंह ने भी अहम योगदान दिया। तिलक की शांत और आक्रामक पारी ने भारत को 147 रनों का लक्ष्य हासिल करा दिया।

यह जीत भारत की टूर्नामेंट में लगातार तीसरी पाकिस्तान पर जीत है। ग्रुप स्टेज और सुपर 4 में भी भारत ने पाक को हराया था। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, ‘हमारी गेंदबाजी ने मैच पलट दिया। तिलक ने फिनिशिंग दिखाई, जो टीम के लिए गर्व की बात है।’ वहीं, पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने कहा, ‘स्पिनरों के खिलाफ हमारी बैटिंग कमजोर पड़ी।’

एशिया कप 2025 में भारत अजेय रहा, जबकि पाकिस्तान को दो बार भारत ने हराया।

एसीसी प्रमुख के हाथ ट्रॉफी लेने से इनकार

भारतीय क्रिकेट टीम ने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के प्रमुख और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी स्वीकार करने से मना कर दिया।

नकवी, जो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं, उनके हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार करने के बाद भारतीय टीम ने बिना ट्रॉफी के ही जीत का उत्सव मनाया।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने जानकारी दी कि जब खिलाड़ियों ने नकवी से ट्रॉफी लेने से मना किया, तो नकवी इसे अपने होटल के कमरे में ले गए।

बीसीसीआई ने इस घटना को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) में नकवी के खिलाफ शिकायत दर्ज करने का फैसला किया है। हालांकि, भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी जीत के जोश को कम नहीं होने दिया और सोशल मीडिया पर AI द्वारा बनाई गई ट्रॉफी के साथ तस्वीरें साझा कीं।

सूर्यकुमार, हार्दिक और गिल जैसे खिलाड़ियों ने एआई ट्रॉफी के साथ तस्वीरें पोस्ट कीं। सूर्यकुमार ने अपनी पोस्ट में लिखा, “मैच खत्म होने के बाद चैंपियन को याद रखा जाता है, न कि ट्रॉफी के साथ खींची गई तस्वीर को।”

उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय टीम को ट्रॉफी उठाने से रोका गया, और यह उनके करियर में पहला मौका था जब विजेता टीम को ट्रॉफी नहीं दी गई।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। 2022 से दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर के तौर पर काम किया है। इस दौरान स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन खबरें लिखीं। दैनिक भास्‍कर से पहले नवभारत, नईदुनिया, पत्रिका अखबार में 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now