रायपुर। छत्तीसगढ़ में गुरुवार को आयकर विभाग (Income Tax Raid) ने राज्यभर में बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और रायगढ़ में लोहा और जमीन कारोबारियों के करीब 50 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई तड़के शुरू हुई और पूरे दिन जारी रही।
ओम स्पंज, देवी स्पंज और हिंदुस्तान कॉइल के संचालक इस जांच के दायरे में हैं। रायपुर के भाटागांव स्थित वॉलफोर्ट के गोयल होम, रायपुर के सिग्नेचर होम सोसायटी और लोहा कारोबारी अरविंद अग्रवाल के ठिकानों पर भी जांच चल रही है।
आयकर की टीम के साथ सीआरपीएफ के जवान भी हैं। टैक्स चोरी को लेकर यह जांच की जा रही है।
इंकम टैक्स की टीम ने स्पंज आयरन, स्टील रोलिंग मिल, पॉवर प्लांट संचालकों और प्रमुख जमीन कारोबारियों के घर, दफ्तर और औद्योगिक प्लांट में दस्तावेजों की जांच की।
छापेमारी उन व्यापारिक समूहों पर की गई है जिन पर टैक्स चोरी, बहीखातों में अनियमितता और अघोषित आय छिपाने का संदेह है। जिन कंपनियों के ठिकानों पर कार्रवाई हुई है, उनमें कुछ प्रमुख स्पंज आयरन और स्टील रोलिंग यूनिट शामिल हैं।
जांच टीमों ने विभिन्न ठिकानों से डिजिटल रिकॉर्ड, मोबाइल फोन, हार्ड डिस्क, कंप्यूटर बैकअप, नकदी और जमीन सौदों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं। कई जगहों पर कारोबारियों से पूछताछ भी की गई।
यह भी पढ़ें : एंबुलेंस सेवा संचालित करने वाली जय अंबे कंपनी में आईटी का छापा









