उत्तर भारत में कोहरे की मार, ट्रेनें लेट,फ्लाइट कैंसिल,सुबह के समय विजिबिलिटी हुई बेहद कम

December 18, 2025 1:12 PM
IMD Weather News

IMD Weather News: भारत दुनिया के उन चंद देशों में शामिल है, जहां मौसम के विविध रूप देखने को मिलते हैं। यहां के लोगों को भीषण गर्मी से लेकर मूसलाधार बारिश और हाड़ कंपाने वाली ठंड तक का सामना करना पड़ता है। फिलहाल उत्‍तर और पूर्वी भारत भीषण ठंड की चपेट में है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दर्जनभर से ज्‍यादा राज्‍यों के लिए घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। कोहरे की वजह से ट्रांसपोर्ट सिस्‍टम चरमरा गई है।

भारत के विभिन्‍न इलाकों में इन दिनों मौसम के तेवर तल्‍ख हो चले हैं। ठंड ने उत्‍तर भारत के साथ ही पूर्वी और मध्‍य भारत के अनेक राज्‍यों को अपनी चपेट में ले लिया है। मौसम विभाग ने आने वाले समय में न्‍यूनतम और अधिकतम तापमान में और गिरावट आने की बात कही है। साथ ही पंजाब से लेकर उत्‍तर प्रदेश, बिहार, बंगाल और ओडिशा तक में घना से अत्‍यंत घना कोहरा पड़ने की चेतावनी जारी की है। यात्रा करने वाले लोगों को खासतौर पर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

घने कोहरे की वजह से पब्लिक और प्राइवेट ट्रांसपोर्ट सिस्‍टम पर भी बुरा असर पड़ा है। ट्रेनें समय से लेट चल रही हैं। विजिबिलिटी यानी दृश्‍यता कम होने की वजह से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार भी थम सी गई है। पिछले दिनों कोहरे की वजह से दिल्‍ली-एनसीआर के यमुना एक्‍सप्रेसवे पर भीषण दुर्घटना हो गई थी। देश की राजधानी के लोगों को मौसम की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 18 से 22 दिसंबर के बीच उत्तर भारत और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ इलाकों में शीतलहर और कोल्ड डे की स्थिति भी बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने बताया है कि उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में 18 से 20 दिसंबर तक सुबह और तड़के के समय घना से बहुत घना कोहरा देखने को मिल सकता है।

उत्तर प्रदेश में 21 दिसंबर को भी कुछ जगहों पर कोहरा छाने की आशंका है. वहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 21 और 22 दिसंबर को भी अलग-अलग इलाकों में कोहरे का असर रह सकता है. उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में 18 से 21 दिसंबर के बीच घने कोहरे की संभावना जताई गई है. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी 18 से 20 दिसंबर के दौरान सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में 18 से 22 दिसंबर तक अलग-अलग इलाकों में कोहरे का असर बने रहने का अनुमान है।

दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों पर साइक्लोन बकुंग का हल्का असर पड़ सकता है, लेकिन यह मुख्य रूप से इंडोनेशिया और कोकोस आइलैंड्स के पास सक्रिय है। भारत के तटीय इलाकों में फिलहाल बड़ा खतरा नहीं है। IMD का कहना है कि तापमान में और गिरावट आएगी, इसलिए सभी को गर्म कपड़े और सावधानियां अपनानी चाहिए।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now