जयपुर। महाकुंभ 2025 में रातों रात सोशल मीडिया स्टार बने आईआईटी बाबा उर्फ अभय सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। अपने अनोखे अंदाज और आध्यात्मिक बातों से लोकप्रिय हुए बाबा को जयपुर पुलिस ने सोमवार, 3 मार्च 2025 को हिरासत में ले लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अभय सिंह को शिप्रा पथ थाना पुलिस ने शहर के क्लासिक होटल से गिरफ्तार किया, जहां उनके पास से गांजा बरामद हुआ। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सोशल मीडिया पर आत्महत्या की दी थी धमकी
कुछ दिन पहले अभय सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी जान देने की धमकी दी थी, जिसके बाद जयपुर पुलिस ने कार्रवाई की। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जयपुर के एक होटल से उन्हें गिरफ्तार किया। हिरासत में लेने से पहले उनके पास से गांजा मिला, जिसने इस पूरे मामले को और सनसनीखेज बना दिया।
कौन हैं बाबा अभय सिंह?
अभय सिंह आईआईटी बॉम्बे से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग के ग्रेजुएट हैं, ये चर्चा में तब आये जब महाकुंभ 2025 के दौरान अपने अनोखे अंदाज से सबका ध्यान अपनी ओर खींचा था। कभी चिलम पीते हुए, कभी तांडव नृत्य करते हुए, तो कभी आध्यात्मिक ज्ञान बांटते हुए उनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। उन्होंने दावा किया था कि जीवन की समस्याओं और अकेलेपन ने उन्हें संन्यास की राह पर ला दिया, लेकिन हाल ही में नोएडा के एक न्यूज चैनल में उनके साथ हुई कथित मारपीट ने उन्हें और विवादों में घेर लिया था।
सोशल मीडिया पर हंगामा
इस खबर के बाद ट्विटर (X) पर #IITBaba ट्रेंड करने लगा, कुछ यूजर्स ने लिखा, “आईआईटी से बाबा बने और अब गांजे के साथ पकड़े गए, क्या टर्निंग पॉइंट है!” तो किसी ने तंज कसा, “महाकुंभ का स्टार अब जेल की सैर करेगा” वहीं उनके समर्थकों का कहना है कि यह सब उन्हें बदनाम करने की साजिश है.
आगे क्या?
अभय सिंह उर्फ आईआईटी बाबा की यह कहानी अभी खत्म नहीं हुई है। पुलिस जांच में क्या नए खुलासे होंगे? क्या यह उनकी छवि को और नुकसान पहुंचाएगा या वे फिर से सुर्खियों में वापसी करेंगे? फिलहाल यह मामला लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बना हुआ है।











