Lens desk । पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में स्थित तारापीठ क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। बिदिशिनी होटल में अचानक लगी आग ने सात जिंदगियां छीन लीं। कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। Fire at a hotel
रिपोर्ट्स के अनुसार, सावन सोमवार के पावन अवसर पर मां तारा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त तारापीठ पहुंचे थे। कई श्रद्धालु उसी रात होटल में रुके हुए थे। सुबह करीब साढ़े चार बजे, जब अधिकांश लोग नींद में थे, होटल की पहली मंजिल पर एसी में शॉर्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी।
होटल का पिछला निकास बंद होने की वजह से लोग समय रहते बाहर नहीं निकल पाए। धुएं से पूरा माहौल भर गया। कोलकाता की एक महिला, जो इस हादसे से बच गईं, ने बताया कि अचानक चारों तरफ धुआं फैल गया। सांस लेना मुश्किल हो गया और भागने का रास्ता ढूंढना लगभग असंभव लगने लगा।
फायर ब्रिगेड की टीम जल्दी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया। घायलों को तुरंत रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मृत व्यक्तियों के शव भी अस्पताल में रखे गए।विशेषज्ञों के अनुसार, एसी की वायरिंग में खराबी होने पर करंट अचानक बढ़ सकता है। इससे इंसुलेशन गर्म होकर जल जाता है और चिंगारी निकलकर आग का रूप ले लेती है।
तारापीठ मंदिर मां तारा का प्रसिद्ध शक्तिपीठ है, जहां देवी की प्रतिमा में भगवान शिव को उनकी गोद में बैठा दिखाया जाता है। मंदिर के पास महाश्मशान भी है, जो तांत्रिक साधना के लिए जाना जाता है। प्रसिद्ध साधक बामाखेपा से भी इस स्थान का गहरा संबंध है।यह घटना सावन के पवित्र माह में हुई, जब श्रद्धालु बड़ी संख्या में यहां आते हैं।









