रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से जुड़े एक वायरल वीडियो पर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा राठौर के खिलाफ रायपुर कमिश्नरेट के सिविल लाइन थाने में FIR दर्ज की गई है।
दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 336(4), 353(2) और 196 के तहत FIR दर्ज की गई है। शिकायत भाजपा प्रवक्ता उज्जवल दीपक ने की है।
दरअसल, 15 अगस्त को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर भाजपा का झंडा फहराते दिखाई दे रहे थे।
वीडियो को इस दावे के साथ शेयर किया गया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराया गया।
इस वीडियो को लेकर कांग्रेस की सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की चेयरपर्सन सुप्रिया श्रीनेत और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा राठौर ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट किए थे। इसके बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया।
फैक्ट चेक में सामने आई वीडियो की सच्चाई
बाद में सामने आई पड़ताल में दावा किया गया कि वायरल वीडियो 15 अगस्त 2026 का नहीं, बल्कि 22 मार्च 2026 को कुरूद में आयोजित भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम का है। उस कार्यक्रम में भाजपा के पार्टी ध्वज का ध्वजारोहण किया गया था।
अजय चंद्राकर ने भी वीडियो को पुराना बताते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दिन धमतरी के एकलव्य खेल मैदान में आयोजित सरकारी कार्यक्रम में उन्होंने निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया था।
उनके 15 अगस्त के कार्यक्रम की तस्वीरें और वायरल वीडियो में उनके पहनावे में भी अंतर बताया गया है।
भाजपा प्रवक्ता ने भ्रम पैदा करने का लगाया आरोप
भाजपा प्रवक्ता उज्जवल दीपक की शिकायत के मुताबिक, पुराने वीडियो और उससे जुड़े पोस्ट को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम से जोड़कर प्रसारित किया गया, जिससे लोगों के बीच भ्रम पैदा हो सकता था और सामाजिक स्तर पर विवाद की स्थिति बन सकती थी।
शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट, वीडियो के वास्तविक स्रोत, उसे पोस्ट और शेयर करने वाले अकाउंट तथा उसमें किए गए दावों की जांच कर रही है।








