जंतर-मंतर पर हिंदू वीर सेना प्रमुख ने दो छात्रों को मारा, गाली गलौज भी की, वीडियो वायरल, अखिलेश बोले- ‘भरोसे का विलोम भाजपा’

Jantar Mantar

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर (Jantar Mantar) से सामने आए एक कथित वीडियो ने सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में विवाद खड़ा कर दिया है। वायरल वीडियो में राष्ट्रीय हिंदू वीर सेना के प्रमुख सत्यम पंडित दो छात्रों से पूछताछ करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

आरोप है कि बातचीत के दौरान उन्होंने छात्रों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, मारपीट की और कैमरे के सामने उनसे जबरन माफी भी मंगवाई।

यह वीडियो सत्यम पंडित ने ही रिकॉर्ड भी करवाया था।

बताया जा रहा है कि दोनों छात्र उत्तर प्रदेश के बरेली से जंतर-मंतर पहुंचे थे। दावा किया जा रहा है कि वे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन का समर्थन करने आए थे। वायरल वीडियो कथित तौर पर सत्यम पंडित के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा किया गया था, जिसके बाद यह तेजी से फैल गया।

वायरल वीडियो में सत्यम पंडित छात्रों से उनकी धार्मिक पहचान और राजनीतिक विचारों के बारे में सवाल पूछते नजर आते हैं। इसके बाद उन्होंने दोनों छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार किया, शारीरिक रूप से हमला किया और कैमरे के सामने उनसे माफी मंगवाई।

वीडियो सामने आने के बाद CJP के नेताओं ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मामले को लेकर प्रतिक्रिया दी और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

अखिलेश यादव ने लिखा, ‘देशभर के आंदोलनकारियों के सूचनार्थ! भाजपा और उनके संगी-साथियों के दुर्व्यवहार, दुर्वचनों और हिंसा को सब देख लें। इनका दुस्साहस देखिए कि अभी युवाओं को वचन दिए हुए चंद घंटे भी नहीं हुए हैं और ये भाजपाई अपने इतिहास को दोहराते हुए फिर से धोखा दे रहे हैं। भाजपा के ये संस्कारी नेताजी अपने शीर्ष नेतृत्व के दिये गये आश्वासन की सरेआम धज्जियाँ उड़ा रहे हैं और वीडियो भी बना रहे हैं। अब क्या ये भी डबल इंजन की टकराहट के कारण हो रहा है। तुरंत गिरफ़्तारी हो! भाजपाई तो अपने वचन के भी सगे नहीं हैं। भरोसे का विलोम भाजपा!’

यह भी पढ़ें: रैपिड एक्शन फोर्स की आईजी ने जंतर मंतर पर अत्यधिक बल प्रयोग पर लगाई लताड़

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now