रायपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट (Chhattisgarh High Court) से जुड़ी चौंकाने वाली खबर मिल रही है। बिलासपुर के सीपत से लगे देवरी नामक गांव में स्थित श्मशान घाट में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने चार लोगों को तंत्र साधना करते देख लिया। जब ग्रामीण समूह में श्मशान घाट पहुंचे तो चारों वहां से भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
मौके पर ग्रामीणों को पूजा-पाठ और कथित तांत्रिक क्रिया में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिली। इनमें मछली, नींबू, सिंदूर और अन्य पूजा सामग्री के साथ हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश सिंहा और दो युवकों के फोटो शामिल हैं। तस्वीरें मिलने के बाद मामले को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि पकड़ा गया युवक ऋषिकेश कुमार है। जिसका एक रिश्तेदार चाकुबाजी में बंद है। जिसका नाम प्रियांशु है जिसका बिलासपुर हाई कोर्ट में जमानत आवेदन लंबित है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया के माध्यम से एक कथित तांत्रिक के संपर्क में आने के बाद आरोपी के रिश्तेदारों को यह बताया गया कि श्मशानघाट में तांत्रिक क्रिया करने से प्रियांशु को जमानत मिल सकती है। इसके बाद चार लोग तंत्र साधना के लिए देवरी के श्मशानघाट पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि प्रियांशु को जेल से छुड़ाने के लिए ही यह युवक जमा हुए थे। श्मशानघाट में इन लोगों की गतिविधियां देखकर ग्रामीणों को संदेह हुआ। ग्रामीणों को देखते ही चारों युवक भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि अन्य मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल सीपत पुलिस को सूचना दी और पकड़े गए युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की तस्वीर देखकर हैरान रह गई। पुलिस ऋषिकेश कुमार से पूछताछ कर रही है और मौके से मिली पूजा सामग्री व तस्वीरों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।










