रायपुर। रंगमंच और सिनेमा प्रेमियों के लिए रायपुर में दो दिन का खास आयोजन होने जा रहा है। निर्मल पांडे स्मृति का सातवां Roaming Film Festival इस बार 10 और 11 अगस्त को राजधानी रायपुर में आयोजित किया जाएगा। आयोजन शांतिनगर स्थित विमतारा ऑडिटोरियम में होगा।
इस फिल्म फेस्टिवल का आयोजन निर्मल पांडे स्मृति न्यास और लिब्रा वेलफेयर सोसाइटी (अरपा कम्यूनिटी रेडियो) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन में ऑल इंडिया आर्टिस्ट एसोसिएशन, शिमला के फेस्टिवल ऑफ आर्ट, थिएटर एंड डांस की भी सहभागिता रहेगी।
तीन फिल्मों के साथ शॉर्ट फिल्मों की स्क्रीनिंग
दो दिवसीय फिल्म फेस्टिवल के दौरान दर्शकों को तीन फिल्मों को देखने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा शॉर्ट फिल्म्स प्रतियोगिता में चयनित कुछ फिल्मों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
आयोजकों के मुताबिक, इस आयोजन का उद्देश्य सिनेमा और रंगमंच से जुड़े कलाकारों, फिल्मकारों और दर्शकों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। खासतौर पर स्वतंत्र और शॉर्ट फिल्म बनाने वाले फिल्मकारों को दर्शकों तक पहुंचाने का यह एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
रायपुर में सिनेमा और रंगमंच का संगम
निर्मल पांडे स्मृति रोमिंग फिल्म फेस्टिवल हर साल अलग-अलग स्थानों पर सिनेमा और रंगमंच से जुड़े कार्यक्रमों के जरिए दर्शकों को नई और सार्थक फिल्मों से जोड़ने का प्रयास करता है। इस बार रायपुर में होने वाला आयोजन भी कला, सिनेमा और थिएटर के प्रेमियों के लिए खास रहने की उम्मीद है।
आयोजकों ने फिल्म और रंगमंच प्रेमियों से 10 और 11 अगस्त को विमतारा ऑडिटोरियम, शांतिनगर पहुंचकर आयोजन में शामिल होने की अपील की है।








