रायपुर। रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर में चोरों ने महज आठ मिनट में करीब दो करोड़ रुपये के आईफोन और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ कर दिया। दुकान का डीवीआर उखाड़ा, चोरी की बाइक से फरार हुए और पुलिस को चकमा देने के लिए मोबाइल फोन तक घर पर छोड़ आए। लेकिन 250 किलोमीटर तक सीसीटीवी फुटेज का पीछा करती रायपुर पुलिस आखिरकार अंतरराज्यीय कंजर गिरोह तक पहुंच गई। गिरोह के सरगना समेत दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने 125 आईफोन भी बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने गुरुवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरोह का सरगना राजेश अजय सिंह झाला उर्फ राजेश कंजर (43), निवासी टोंककला, जिला देवास (मध्यप्रदेश) है। उसके खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। चोरी के आईफोन खपाने वाला दूसरा आरोपी सफान खान (35), निवासी बड़वानी (मध्यप्रदेश) विदेश भागने की फिराक में था, जिसे मुंबई एयरपोर्ट के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरोह के दो अन्य सदस्य राज झाला और राजेश लोधी अभी फरार हैं।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के मुताबिक, एक नवंबर को ऋषभ डागा ने तेलीबांधा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 अक्टूबर और एक नवंबर की दरम्यानी रात मरीन ड्राइव स्थित उनके एप्पल स्टोर का शटर उठाकर अज्ञात चोरों ने करीब दो करोड़ रुपये कीमत के 173 एप्पल आईफोन, एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड चोरी कर लिए। आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे।
डॉ. शुक्ला ने बताया कि शहर के हृदय स्थल मरीन ड्राइव में हुई इस बड़ी चोरी को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने मामले के खुलासे के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम काम्बले के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला, पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) तारकेश्वर पटेल और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) रॉबिन्सन गुरिया को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई। इनके सतत पर्यवेक्षण में एसीसीयू और तेलीबांधा थाना पुलिस की छह विशेष टीमें गठित की गईं। इन टीमों में 40 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे।
जांच की शुरुआत में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर ही ले गए थे। आसपास के कैमरों की तस्वीरें भी स्पष्ट नहीं थीं। इसके बावजूद पुलिस ने फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। इसमें रात करीब 2.37 बजे एक दोपहिया वाहन पर सवार तीन संदिग्ध दिखाई दिए, जो महज आठ मिनट बाद 2.45 बजे वहां से निकल गए थे। पुलिस ने इसी फुटेज को आधार बनाकर आरोपियों के भागने के रास्ते का पता लगाना शुरू किया।
एक टीम ने लगातार दस दिनों तक संदिग्धों के आने-जाने के रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। करीब 250 किलोमीटर तक उनका पीछा करते हुए टीम महाराष्ट्र के मौधा तक पहुंची। दीपावली के त्योहार के दौरान भी पुलिसकर्मियों ने मौधा में डेरा डालकर संदिग्धों की तलाश जारी रखी। दूसरी ओर, तकनीकी टीम ने इस पूरे रास्ते में लगे 1100 से अधिक सेल आईडी टावरों का विश्लेषण किया और 10 लाख से अधिक मोबाइल नंबरों की पड़ताल की। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अंतरराज्यीय मार्गों के टोल नाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए।
जांच के दौरान मौधा में पुलिस को एक महत्वपूर्ण सुराग मिला। वहां कुल्हान नदी के किनारे बिना नंबर प्लेट की एक लावारिस मोटरसाइकिल मिली थी। उसके इंजन और चेसिस नंबर भी मिटा दिए गए थे। पड़ताल में पता चला कि यह मोटरसाइकिल 25 अक्टूबर को रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। इससे पुलिस को यकीन हो गया कि इसी मोटरसाइकिल का इस्तेमाल एप्पल स्टोर में चोरी के लिए किया गया था।
इसके बाद पुलिस ने महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में हुई एप्पल स्टोर चोरी की घटनाओं तथा उनमें गिरफ्तार आरोपियों का रिकॉर्ड खंगालना शुरू किया। अंतरराज्यीय पुलिस नेटवर्क के माध्यम से संदिग्धों के फुटेज भी साझा किए गए। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि वर्ष 2024 में जयपुर के एक एप्पल स्टोर में हुई चोरी में देवास और इंदौर के आसपास सक्रिय कंजर गिरोह की भूमिका थी। देवास पुलिस से मिले इनपुट और फुटेज के विश्लेषण के आधार पर टोंककला निवासी राजेश अजय सिंह झाला उर्फ राजेश कंजर को चिन्हित किया गया।
देवास पुलिस के सहयोग से राजेश झाला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसके खिलाफ मध्यप्रदेश और राजस्थान में 47 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन बाद में उसने अपने बेटे राज झाला और गांव के ही राजेश लोधी के साथ मिलकर रायपुर में चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि चोरी किए गए आईफोन इंदौर निवासी सफान खान को सौंपे गए थे।
पूछताछ में राजेश झाला ने वारदात की पूरी योजना का खुलासा किया। उसके मुताबिक, 25 अक्टूबर को वह अपने बेटे राज झाला और सफान खान के साथ बस से रायपुर पहुंचा था। तीनों ने मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर की रेकी की। इसके बाद जोरा मॉल के पास से एक मोटरसाइकिल चोरी की गई और 26 अक्टूबर को उसे महाराष्ट्र के साकोली के पास जंगल में छिपा दिया गया। इसके बाद तीनों इंदौर लौट गए।
31 अक्टूबर को वे इंदौर से बस के जरिए महाराष्ट्र के साकोली पहुंचे। वहां जंगल में छिपाकर रखी मोटरसाइकिल लेकर राजेश झाला, उसका बेटा राज झाला और राजेश लोधी रायपुर पहुंचे और रात में एप्पल स्टोर का शटर उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद वे मोटरसाइकिल को महाराष्ट्र के मौधा में कुल्हान नदी के पुल के नीचे छोड़कर दुकान का डीवीआर नदी में फेंक आए। वहां से बस पकड़कर इंदौर लौट गए और चोरी के आईफोन सफान खान को सौंप दिए।
डॉ. शुक्ला के अनुसार, पूछताछ में राजेश झाला ने गिरोह के अपराध करने के तरीके के बारे में भी जानकारी दी। गिरोह के सदस्य वारदात के लिए घर से निकलते समय अपने मोबाइल फोन बंद करके घर पर ही छोड़ देते थे, ताकि मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस उन तक न पहुंच सके। मोटरसाइकिल चलाते समय चेहरे ढंककर रखते थे और वारदात में चोरी की मोटरसाइकिल का ही इस्तेमाल करते थे, जिससे सीसीटीवी कैमरों में उनकी पहचान न हो सके।
राजेश झाला की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही उसके अन्य साथी और सफान खान फरार हो गए। पुलिस के सामने अब सफान को गिरफ्तार कर चोरी के आईफोन बरामद करने की चुनौती थी। सफान के विदेश भागने की आशंका को देखते हुए उपनिरीक्षक सतीश पुरिया के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम ने इंदौर में डेरा डालकर उसके संपर्कों और अंतरराज्यीय गतिविधियों पर नजर रखी। लंबे प्रयास के बाद पुलिस को सूचना मिली कि सफान मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे विदेश भागने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।
सफान खान की निशानदेही पर मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के जुलवानिया से 125 आईफोन बरामद किए गए। इनकी कीमत करीब एक करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है। सफान को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पुलिस रायपुर लाई है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि सफान कंजर गिरोह के जरिए देश के अलग-अलग शहरों में महंगे आईफोन स्टोरों में चोरी करवाता था और चोरी के फोन बांग्लादेश तथा नेपाल में खपाए जाते थे। पुलिस इस नेटवर्क की भी जांच कर रही है। चोरी हुए शेष मोबाइल फोन की बरामदगी और फरार आरोपियों राज झाला (राजेश झाला का पुत्र) तथा राजेश लोधी, दोनों निवासी टोंककला, जिला देवास (मध्यप्रदेश), की गिरफ्तारी के लिए टीमें मध्यप्रदेश में लगातार दबिश दे रही हैं। पिछले एक वर्ष में देश के विभिन्न राज्यों में एप्पल स्टोरों में हुई चोरी की घटनाओं में भी इस गिरोह की संलिप्तता की जांच की जा रही है।











