नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) में 2% की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। इसके बाद महंगाई भत्ता 58% से बढ़कर 60% हो गया है। यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएगी।
यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शनिवार को नई दिल्ली में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में लिया गया। सरकार के इस निर्णय से करीब 50.5 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.3 लाख पेंशनर्स को सीधा फायदा मिलेगा।
सरकारी अनुमान के अनुसार इस फैसले से केंद्र सरकार पर सालाना करीब 6,791 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। महंगाई भत्ते में यह बढ़ोतरी कर्मचारियों की बढ़ती महंगाई से राहत देने के उद्देश्य से की गई है।
इससे पहले अक्टूबर में महंगाई भत्ते को 55% से बढ़ाकर 58% किया गया था। वह संशोधन 1 जुलाई 2025 से प्रभावी माना गया था और कर्मचारियों को उसका भुगतान एरियर के साथ किया गया था।
केंद्र सरकार आमतौर पर साल में दो बार—जनवरी और जुलाई में महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में संशोधन करती है। इस बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों की मासिक सैलरी और पेंशनर्स की पेंशन में भी बढ़ोतरी होगी, जिससे लाखों परिवारों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।









