देशभर में मानसून का कहर,कई राज्यों में अलर्ट,बारिश और लैंडस्लाइड से कई लोगों की मौत

Monsoon Update: देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और लैंडस्लाइड से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। केरल में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है, जबकि उत्तर और पूर्व भारत में भी बारिश का अलर्ट जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक कई जगहों पर मौसम खराब रह सकता है।

केरल – भारी बारिश और लैंडस्लाइड से अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। 8 लोग लापता बताए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार 5,792 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और 209 राहत शिविर खोले गए हैं। 27 घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, जबकि 196 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। कई डैम पर रेड अलर्ट जारी है। प्रशासन ने निचले इलाकों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

कर्नाटक– शिवमोग्गा जिले में रविवार सुबह लैंडस्लाइड में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में मल्लिकार्जुन, उनकी पत्नी नागवेणी और छोटा बेटा शामिल हैं। तीनों पहाड़ी के पास बने घर में सो रहे थे।

जम्मू-कश्मीर– किश्तवाड़ जिले के छतरू इलाके में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई। कई मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त हुईं, दो कारें बह गईं और सड़कों पर मलबा फैल गया। एहतियात के तौर पर किश्तवाड़, डोडा और रामबन के स्कूल बंद कर दिए गए। बांदीपोरा में भी नदियों का जलस्तर बढ़ने से लोगों से सावधानी बरतने को कहा गया है।

उत्तराखंड– उत्तरकाशी में यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड हुआ। चमोली के गौचर के पास बद्रीनाथ हाईवे का 20 मीटर हिस्सा धंस गया, जिससे यातायात वन-वे कर दिया गया। मौसम विभाग ने 7 अगस्त तक मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है। देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।

तमिलनाडु– राज्य में सूखे की स्थिति बनी हुई है। तिरुचिरापल्ली के थेन्नूर में मुस्लिम समाज के करीब 2,000 लोगों ने बारिश के लिए विशेष प्रार्थना (सलात अल-इस्तिस्का) की। कई जिलों में तापमान 37.5 डिग्री से ऊपर है और जल संकट गहराया हुआ है।

पंजाब और हरियाणा – पंजाब में पठानकोट, गुरदासपुर और होशियारपुर में भारी बारिश का अलर्ट है। इस साल मानसून सामान्य से कमजोर रहा है। हरियाणा में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में भारी बारिश व गरज-चमक की संभावना है। अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश हो सकती है।

बिहार – सभी जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में भारी बारिश की चेतावनी है। हवा की रफ्तार 40 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 5-6 अगस्त तक बारिश और तेज हो सकती है।

राजस्थान और मध्य प्रदेश – राजस्थान के 24 जिलों में बारिश का अलर्ट है। जालोर, पाली और सिरोही में भारी बारिश की संभावना है। मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत 55 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 4-5 अगस्त से फिर भारी बारिश का दौर लौट सकता है।

मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में अगले 48 घंटों में हल्की से भारी बारिश का अनुमान जताया है। पहाड़ी और निचले इलाकों के लोगों से आधिकारिक सलाह का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 6 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, हेल्थ, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now