रायपुर। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ ने राजधानी रायपुर के शहीद स्मारक परिसर में ‘श्रमिक सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन’ का आयोजन किया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास हमेशा श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और उनके सम्मान से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस श्रमिकों के सम्मान और उनके हकों की लड़ाई के लिए सदैव समर्पित रही है।
दीपक बैज ने प्रकोष्ठ के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक ने इस प्रकोष्ठ को कांग्रेस के प्रमुख मोर्चा संगठनों के समकक्ष खड़ा किया है और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों की आवाज बुलंद करने का काम किया है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, पूर्व विधायक गुलाब कमरों, पीसीसी उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष पंकज शर्मा, संयुक्त महासचिव शारिक रईस खान, जिला अध्यक्ष जीवराखन साहू और रेशम लाल अजय समेत कई नेताओं ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए जमीनी स्तर पर एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि कांग्रेस का यह प्रकोष्ठ प्रदेश के हर जिले और शहर में सक्रिय है। उन्होंने कहा कि कहीं भी दुर्घटना, अन्याय या शोषण होने पर यह प्रकोष्ठ सबसे पहले श्रमिकों के साथ खड़ा दिखाई देता है।
कार्यक्रम में श्रमिक सम्मान के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों और श्रमिक संगठनों से आए करीब 400 श्रमिकों को लंच बॉक्स, श्रीफल और गमछा देकर सम्मानित किया गया।
सम्मेलन में बलरामपुर, भिलाई, दुर्ग ग्रामीण, कांकेर, चांपा-जांजगीर, बिलासपुर, रायपुर शहर, सरगुजा, बालोद, महासमुंद, खैरागढ़ और धमतरी सहित कई जिलों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और श्रमिक शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने किया। इस दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और हजारों की संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।










